29 जून से 6 जुलाई तक मनाया जाएगा ‘सहकार सप्ताह’, विशिष्ट विषय पर केंद्रित होगा प्रत्येक दिन का आयोजन
सहकार सप्ताह के दौरान सार्थक आयोजनों के लिए रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां डॉ. समित शर्मा ने जारी की एसओपी
जयपुर, 4 जून (मुखपत्र)। राजस्थान में सहकारिता आंदोलन को नई ऊर्जा और ग्रामीण समृद्धि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजस्थान सरकार ने 29 जून से 6 जुलाई, 2026 तक ‘सहकार सप्ताह’ के आयोजन की घोषणा की है। यह आयोजन भारत सरकार द्वारा सहकारिता मंत्रालय के गठन के 5 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां, राजस्थान डॉ. समित शर्मा की ओर से जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार, सहकार सप्ताह के दौरान विभिन्न थीम-आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक दिन का आयोजन एक विशिष्ट विषय पर केंद्रित होगा।
कार्यक्रम की रूपरेखा से यह आभास हो रहा है कि इस बार सहकार सप्ताह के दौरान सार्थक गतिविधियां देखने को मिलेेंगी। हालांकि, हालिया वर्षों में आयोजित सहकार सप्ताह के कार्यक्रम औपचारिकता से आगे नहीं बढ़े। अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष-2025 में सहकार सप्ताह के दौरान आयोजित कार्यक्रमों में सहकारिताओं के सदस्यों, निर्वाचित सहकारजनों की भागीदारी प्राय:-प्राय: शून्य रही थी। इसे देखते हुए इस बार प्रत्येक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित किये जाने के लिये निर्देशित किया गया है।
सहकार सप्ताह के कार्यक्रम
29 जून 2026 शुभारंभ एवं प्रतिज्ञा दिवस :
नेहरू सहकार भवन में राज्य स्तरीय शुभारंभ और 11,000 लोगों की भागीदारी।
30 जून 2026 पैक्स परिचालन दिवस :
मुख्य कार्यक्रम जयपुर सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड में होगा। केंद्रीय सहकारी बैंकों में पैक्स के कार्यों और सुदृढ़ीकरण पर चर्चा। डेयरी समितियों और पैक्स की ऑनलाइन भागीदारी। सहकार चौपाल का आयोजन होगा। नौ हजार लोगों की भागीदारी।
1 जुलाई 2026 कृषक सम्मान दिवस :
एनसीडीसी और अपेक्स बैंक की संयुक्त भागीदारी, जिला स्तर पर प्रगतिशील किसानों, श्रेष्ठ कार्य करने वाले पैक्स व्यवस्थापकों एवं सहकारी पदाधिकारियों का सम्मान। पंद्रह हजार लोगों की भागीदारी।
2 जुलाई 2026 ए.आई. एवं तकनीकी दिवस :
अपेक्स बैंक, समस्त जिला केंद्रीय सहकारी बैंक एवं अर्बन कोऑपरेटिव बैंकों की भागीदारी। डेयरी समितियों को माइक्रो एटीएम का वितरण एवं उन्हें ई-मित्र बनाना, नये खाते खोलना एवं ऋण योजनाओं की जानकारी देना। पांच हजार लोगों की भागीदारी।
3 जुलाई 2026 सहकार संवाद दिवस :
राजस्थान राज्य सहकारी भूमि विकास बैंक की भागीदारी, स्कूलों-कॉलेजों में प्रतियोगिताएं, सहकारी समितियों की वार्षिक आमसभा में ऑडिट रिपोर्ट का सार्वजनिक पठन, आगामी 5 वर्ष की कार्ययोजना पर चर्चा और डीसीडीसी की बैठक। बीस हजार लोगों की भागीदारी।
4 जुलाई 2026 ग्रीन को-ऑपरेटिव दिवस :
सहकार वन में वृक्षारोपण एवं हरियालो राजस्थान का शुभारम्भ, प्रदेश भर की सहकारी संस्थाओं में 50,000 से अधिक वृक्षारोपण का लक्ष्य। पंद्रह हजार लोगों की भागीदारी।
5 जुलाई 2026 नवीन पीढ़ी सहकारी दिवस :
युवाओं और महिलाओं की सहभागिता, मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार एवं भारत टैक्सी का प्रचार। पांच हजार लोगों की भागीदारी।
6 जुलाई 2026 राष्ट्रीय सहकारी महोत्सव :
कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में राज्य स्तरीय समारोह में सहकारिता मंत्री एवं शासन सचिव द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली सहकारी संस्थाओं को पुरस्कार वितरण, 11 हजार लोगों की भागीदारी।
ये कार्यक्रम भी होंगे
– नाबार्ड द्वारा तैयार ‘एचआर पॉलिसी’ एवं विभाग द्वारा तैयार ‘सहकार नीति’ का विमोचन किया जायेगा।
– सहकार जागृति अभियान एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम, समस्त ग्राम सेवा सहकारी समिति, दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति तथा समस्त सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जायेगा।
– जिलों में तैयार गोदाम के उद़घाटन किया जायेगा।
– आकांक्षी जिलों में सहकार रथ, प्रभात फैरियां, रैली का आयोजना किया जायेगा।
– जिला सहकार संघ का सहयोग लेकर सहकारी आंदोलन एवं सहकार से समृद्धि का प्रचार-प्रसार करते हुये राज्य के प्रत्येक नागरिक को सहकारिता की जानकारी दी जायेगी।
– – प्रत्येक जिले में एक मॉडल पैक्स का चयन किया जायेगा तथा प्रत्येक जिले में 5 पैक्स एनसीईएल एवं एनसीओएल के रूप में चयनित की जायेंगी।
– श्रेष्ठ कार्य करने वाली पैक्स के पदाधिकारियों, व्यवस्थापकों को सहकार सप्ताह के दौरान, राज्य की श्रेष्ठ ग्राम सेवा सहकारी समितियों, यथा- पलसाना, निमोद, उजोली, सिंधु, बोरखेड़ा आदि का भ्रमण कराया जायेगा। प्रशिक्षु सहायक रजिस्ट्रार को भी भ्रमण में शामिल किया जायेगा।
– सप्ताह केदौरान माइक्रो एटीएम, रूपे केसीसी, आधार सीडिंग, सीएम किसान आदि कार्य भी सम्पादित किये जायेंगे।
– नवगठित ग्राम सेवा सहकारी समितियों का पंजीयन एवं केन्द्रीय सहकारी बैंक के साथ सहबद्धता।
– सप्ताह के दौरान समस्त सहकारी समितियों को पीएमकेएसके के रूप में उन्नयन।
सप्ताह के आयोजन से पहले का महत्वपूर्ण कार्य
सहकार सप्ताह आयोजन से पूर्व, 5 जून से आयोजन तक तीन विशेष अभियान चलाये जायेंगे, जिसके अंतर्गत 1. ई-पैक्स शत प्रतिशत किया जाना, 2. ऑन सिस्टम ऑडिट शत प्रतिशत किया जाना, और 3. डे-एण्ड शत प्रतिशत का लक्ष्य पूर्ण किया जायेगा।
– युवाओं एवं महिलाओं को प्राथमिकता देते हुये 5 जून से 6 जुलाई तक सदस्यता अभियान चलाया जायेगा। इस दौरान प्राप्त आवेदनों को संचालक मंडल से अनुमोदन करवा कर सदस्यता दी जायेगी।
TOP NEWS
सहकारी समितियां के माध्यम से ग्रामीणों को घर बैठे मिलेगी बैंकिंग सुविधा
एक और क्रय-विक्रय सहकारी समिति में लाखों रुपये का घोटाला, सहकारी निरीक्षक पर मुकदमा दर्ज
सहकारिता विभाग ने जारी किया संभाग स्तरीय सहकार मेलों का कलेण्डर
आरबीआई ने राजस्थान के एक और केंद्रीय सहकारी बैंक पर जुर्माना लगाया

