जालोर सैण्ट्रल को-ऑपरेटिव बैंक की 65वीं व 66वीं आमसभा संपन्न, वित्तीय प्रगति और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली समितियां सम्मानित
जालोर, 29 सितंबर (मुखपत्र)। दी जालोर सैण्ट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के प्रधान कार्यालय परिसर स्थित सभा भवन में 29 सितंबर 2026 को बैंक की 65वीं और 66वीं वार्षिक साधारण सभा (AGM) का आयोजन किया गया। इसमें बैंक की हिस्साधारी सहकारी समितियों एवं अन्य समितियों के अध्यक्षों और पदाधिकारियों ने भाग लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए बैंक के प्रशासक एवं जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के वित्तीय लेखे प्रस्तुत किए और बैंक की क्रमिक प्रगति का ब्यौरा दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष शेयर पूंजी (हिस्सा राशि), जो 2024-25 में 41,25.51 लाख रुपए थी, वर्ष 2025-26 में बढक़र 44,28.95 लाख रुपए हो गई। वर्ष 47,694.32 लाख रुपए अमानतें हो गई, जो बढक़र 51,252.75 लाख रुपए दर्ज की गईं। कार्यशील पूंजी 98,789.66 लाख से बढक़र 1,04,860.81 लाख रुपए के स्तर पर पहुंच गई।
इसी प्रकार, सुरक्षित व अन्य कोष क्रमश: 12,576.15 लाख (2024-25) और 12,899.77 लाख (2025-26) रहे। बैंक द्वारा क्रमश: 82,300.00 लाख रुपए एवं 80,500.00 लाख रुपए का ऋण वितरण किया गया, जबकि ऋण वसूली दर क्रमश: 93.25 प्रतिशत एवं 89.98 प्रतिशत रही।
प्रशासक ने बैंक की कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश देते हुए कहा कि ग्राम स्तर पर किसानों और ग्रामीणों को सभी प्रकार की वित्तीय सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना बैंक और ग्राम सेवा सहकारी समितियों (पैक्स) की प्राथमिकता होनी चाहिए।

वार्षिक प्रस्तावों और लेखों का अनुमोदन
बैंक के प्रबंध निदेशक नारायणसिंह चारण ने गत आमसभा (25 मार्च 2025) की कार्यवाही की पुष्टि कराई। इसके साथ ही सदन द्वारा वर्ष 2024-25 और 2025-26 के वार्षिक प्रतिवेदन, संतुलन चित्र, लाभ-हानि खाते, अधिकतम साख सीमा, बजट निर्धारण, ऑडिट अनुपालना तथा लाभांश वितरण के प्रस्तावों को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
उत्कृष्ट समितियों एवं व्यवस्थापकों का सम्मान
आमसभा के दौरान वसूली और व्यवसाय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली ग्राम सेवा सहकारी समितियों के अध्यक्षों का साफा पहनाकर स्वागत किया गया। अमानत वृद्धि और वसूली में शाखा स्तर पर प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली समितियों के व्यवस्थापकों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सियाणा जीएसएस अध्यक्ष प्रदीपसिंह, नौसरा जीएसएस अध्यक्ष राजवीरसिंह देवड़ा, उप रजिस्ट्रार सुनील वीरभान, अधिशाषी अधिकारी भवानीसिंह कविया सहित बैंक के अधिकारी, कर्मचारी और सदस्य समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। मंच का संचालन अतिरिक्त अधिशाषी अधिकारी सुभाषचन्द्र जीनगर एवं बैंकिंग सहायक मोहित दवे ने किया। अंत में प्रबंध निदेशक नारायणसिंह चारण ने सभी का आभार व्यक्त किया।

