Uncategorized

सहकारिता विभाग ने जारी किया संभाग स्तरीय सहकार मेलों का कलेण्डर

जयपुर, 28 मई (मुखपत्र)। सहकारिता विभाग द्वारा वर्ष 2026 में संभाग स्तर पर आयोजित किये जाने वाले सहकार मेलों का कलेण्डर जारी कर दिया गया है।

अतिरिक्त रजिस्ट्रार (उपभोक्ता) केदारमल मीणा की ओर से जारी कलेण्डर के अनुसार, प्रदेश के सात में से 6 संभाग मुख्यालयों पर संभाग स्तरीय सहकार मेलों का आयोजन किया जायेगा। मेलों की शुरूआत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृहक्षेत्र भरतपुर में 27 अक्टूबर 2026 से होगी। जयपुर में राष्ट्रीय सहकार मसाला मेला एवं सहकार दीपोत्सव मेलों का आयोजन किया जाता है।

जोधपुर में 6 दिन, बीकानेर व कोटा में चार-चार दिन तथा भरतपुर, अजमेर व उदयपुर में तीन-तीन दिन का सहकार मेला आयोजित किया जायेगा। इस मेले में जिला सहकारी उपभोक्ता भंडार, क्रय विक्रय सहकारी समितियां, मसाला उत्पादक महिला सहकारी समितियां, राजीविका के स्वयं सहायता समूह एवं संभाग में कार्यरत एफपीओ के उत्पाद बिक्री एवं प्रदर्शन के लिए उपलब्ध कराये जायेंगे। मेले में क्षेत्र विशेष के प्रसिद्ध मसाले, श्रीअन्न उत्पाद, एक जिला-एक उत्पाद, भौगोलिक संकेतक (जीआई टैग) उत्पाद, सहकारी समितियों एवं स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद उपलब्ध होंगे।

मेले के संयोजन की जिम्मेदारी खंडीय अतिरिक्त रजिस्ट्रार को सौंपी गयी है जबकि सहकारी भंडार के महाप्रबंधक सचिव का दायित्व निभायेंगे।

ये रहेगा कार्यक्रम

भरतपुर : 27 अक्टूबर से 29 अक्टूबर 2026

बीकानेर : 29 अक्टूबर से 1 नवम्बर 2026

जोधपुर : 4 नवम्बर से 9 नवम्बर 2026

अजमेर : 20 नवम्बर से 22 नवम्बर 2026

उदयपुर : 21 नवम्बर से 23 नवम्बर 2026

कोटा : 15 दिसम्बर से 18 दिसम्बर 2026

error: Content is protected !!