सहकारिता

पैक्स मैनेजर को ईआरपी पर दैनिक वाउचर इन्द्राज और ईआरपी लॉगिन की उपस्थिति के आधार पर वेतन मिलेगा

– ईआरपी पर गो-लाइव सभी पैक्स में मैन्युअल रिकॉर्ड संधारण पर रोक
– पैक्स कम्प्यूटराईजेशन परियोजना के संबंध में अपेक्स बैंक ने जारी किए महत्वपूर्ण निर्देश

जयपुर, 28 मई (मुखपत्र)। राजस्थान राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड (Apex Bank) ने पैक्स कम्प्यूटराईजेशन परियोजना की प्रगति और पैक्स कार्मिकों की भागीदारी व जवाबदेही सुनिश्चित करने के संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। प्रबंध निदेशक रणजीत सिंह चुंडावत की ओर से, प्रबंध निदेशक, राजफैड की अध्यक्षता में 25 मई, 2026 को आयोजित एक बैठक में दिए गए निर्देशों की पालना के संबंध में ये निर्देश जारी किये गये हैं। परियोजना का मुख्य उद्देश्य विभिन्न चरणों की पेंडेंसी को शून्य करना, निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करना और ईआरपी पर दैनिक रूप से वाउचर पोस्टिंग के माध्यम से डायनेमिक डे-एण्ड सुनिश्चित करना है।

इस संबंध में निम्नलिखित प्रमुख निर्देश दिए गए हैं:-

दैनिक लॉगिन और वाउचर पोस्टिंग

सभी गो-लाइव पैक्स के कार्मिकों को ईआरपी पर दैनिक रूप से लॉगिन करना और वाउचर पोस्टिंग सुनिश्चित करनी होगी, ताकि पैक्स का डायनेमिक डे-एण्ड सुनिश्चित हो सके। जिन कार्मिकों के पास एक से अधिक पैक्स का प्रभार है, उन्हें आवंटित सभी पैक्स में इन निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना होगा।

वेतन भुगतान का आधार

पैक्स व्यवस्थापकों का वेतन भुगतान ईआरपी पर दैनिक वाउचर इन्द्राज और ईआरपी लॉगिन की उपस्थिति के आधार पर आनुपातिक रूप से किया जाएगा। इस संबंध में वित्तदाता बैंक द्वारा सभी पैक्स अध्यक्षों से अनुरोध जाए।

मैन्युअल रिकॉर्ड पर रोक

ईआरपी पर गो-लाइव सभी पैक्स में सिस्टम के समानांतर मैन्युअल रिकॉर्ड संधारण और कार्य करने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जाएगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि ऑडिट पूरी तरह से सिस्टम आधारित हो।

एनएलपीएसवी मिसिंग टूल

एनएलपीएसवी द्वारा मिसिंग टूल को पुन: चालू कर दिया गया है, लेकिन इसकी उपलब्धता सीमित अवधि के लिए है। 31 मई, 2026 के बाद मिसिंग एंट्रीज के लिए बैंकिंग प्रणाली के अनुसार ही वाउचर पोस्टिंग की जाएगी।

अतिरिक्त पैक्स का रिकॉर्ड

परियोजना के तहत स्वीकृत अतिरिक्त पैक्स, जिनमें हार्डवेयर उपलब्ध कराना शेष है, का रिकॉर्ड अविलंब पूर्ण किया जाएगा और डीसीटी हेतु रिकॉर्ड वांछित फॉर्मेट में तैयार रखा जाएगा।

डे-एण्ड न करने पर कार्यवाही

योजना में चयनित सभी पैक्स को सूचित किया गया है कि 1 जुलाई, 2026 से ईआरपी सॉफ्टवेयर पर दैनिक रूप से डे-एण्ड नहीं करने की स्थिति में उनके खिलाफ आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

संभागवार समीक्षा बैठक

परियोजना में सम्मिलित पैक्स में डायनेमिक डे-एण्ड और परियोजना संबंधी अन्य कार्यों की संभागवार समीक्षा जून के पहले सप्ताह में प्रस्तावित है। इसमें परियोजना के तहत बैंक से संबंधित सभी पैक्स व्यवस्थापकों को शामिल किया जाएगा।

 

 

 

error: Content is protected !!