फलोदी केंद्रीय सहकारी बैंक का पंजीयन, मंत्री ने बैंक अध्यक्ष को सौंपा रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट
जयपुर, 20 अगस्त (मुखपत्र)। राजस्थान मेंं 30वें जिला केंद्रीय सहकारी बैंक (डीसीसीबी) की स्थापना का एक महत्वपूर्ण चरण सम्पन्न हो गया है। खंडीय अतिरिक्त रजिस्ट्रार कार्यालय, जोधपुर द्वारा बुधवार को फलोदी सीसीबी का विधिवत पंजीकरण कर दिया गया। सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने गुरुवार को जयपुर में फलोदी केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड, फलोदी का पंजीयन प्रमाण पत्र बैंक अध्यक्ष शंकरलाल माचरा (बिश्नोई) और संचालक मंडल के सदस्यों को सौंपा।
वित्त विभाग, राजस्थान सरकार की स्वीकृति के उपरांत सहकारिता विभाग, जोधपुर द्वारा फलोदी केंद्रीय सहकारी बैंक का पंजीयन कर, पंजीयन प्रमाण पत्र सौंपा गया। भारत-पाकिस्तान की अंतराष्ट्रीय सीमा पर स्थित फलोदी राज्य का तीसवां जिला केंद्रीय सहकारी बैंक होगा। इसे जोधपुर सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक से पृथक कर बनाया गया है। केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा 16 अगस्त 2026 को अलवर में आयोजित कार्यक्रम मेंं राजस्थान में चार जिला केंद्रीय सहकारी बैंक खोले जाने की घोषणा की गई थी। इनमें फलोदी, बालोतरा, प्रतापगढ़ और डीडवाना-कुचामन शामिल हैं।
राज्य सरकार देगी 5 करोड़ रुपए हिस्सा राशि
जानकारी के अनुसार, वित्त विभाग द्वारा फलोदी केंद्रीय सहकारी बैंक की स्थापना के लिए राज्य सरकार की हिस्सा राशि के रूप में 5 करोड़ रुपए, भवन निर्माण, फर्नीचर एवं कम्प्यूटर आदि के लिए 3 करोड़ 50 लाख रुपए की स्वीकृति दिए जाने के उपरांत सहकारिता विभाग द्वारा नए बैंक का पंजीयन किया गया। बैंक भवन के निर्माण के लिए राज्य सरकार द्वारा नि:शुल्क भूमि भी आवंटित की जाएगी।
पांच शाखाओं की लाभ में 40 प्रतिशत हिस्सेदारी
बैंक अध्यक्ष शंकरलाल माचरा ने बताया कि जोधपुर सीसीबी में कुल 18 शाखाएं हैं। इनमें सर्वे के समय 308 पैक्स कार्यरत थी, जिसमें से पांच शाखाएं और 102 पैक्स, फलोदी डीसीसीबी में होंगी। वर्तमान में जोधपुर सीसीबी द्वारा फलोदी जिले 36 हजार से अधिक किसानों को 235 करोड़ रुपए का फसली ऋण वितरण किया गया है तथा इन पांच शाखाओं में लगभग 140 करोड़ रुपए की जमाएं हैं। जोधपुर सीसीबी की कुल 18 शाखाओं द्वारा अर्जित किए जाने वाले लाभ में 40 प्रतिशत हिस्सेदारी इन पांच शाखाओं की है।
माचरा ने बताया कि पंजीयन के उपरांत, अब भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के बैंकिंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया जाएगा। नाबार्ड के माध्यम से शीघ्र ही आरबीआई को आवेदन की पत्रावली प्रस्तुत की जाएगी।
फलोदी सीसीबी की पंजीकृत कार्यकारिणी
शंकरलाल बिश्नोई – अध्यक्ष, कृष्णपाल सिंह -उपाध्यक्ष।
संचालक मंडल सदस्य : हरजीराम बिश्नोई, गेंभरसिंह, तेजसिंह, ओमप्रकाश, समंदाकुमारी, नरपतसिंह, अशोकसिंह राजपुरोहित, श्रवण कुमार, लक्ष्मी कंवर और मेहबूब खान।
Also Read……….
केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने की घोषणा, राजस्थान में चार नए जिला केंद्रीय सहकारी बैंक खुलेंगे
अमित शाह ने देखी राजस्थान में ‘सहकार से समृद्धि’ की प्रगति की झलक
अगले सप्ताह से 15 जिलों में लागू होगा “फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल”- मंजू राजपाल
एक ही कृषि भूमि का सात लोगों ने फर्जी फसल बीमा करवा कर, 30 लाख रुपए का क्लेम उठाया

