खास खबर

केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने की घोषणा, राजस्थान में चार नए जिला केंद्रीय सहकारी बैंक खुलेंगे

 केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अलवर में की घोषणा

अलवर, 16 अगस्त (मुखपत्र)। राजस्थान में चार नए जिला केंद्रीय सहकारी बैंक (DCCB) खुलने जा रहे हैं। इससे प्रदेश में केंद्रीय सहकारी बैंकों की संख्या बढक़र 33 हो जाएगी। केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को अलवर के विजयनगर ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश में चार जिलों में नए केंद्रीय सहकारी बैंक खोले जाने की घोषणा की। राज्य के 41 जिलों में फिलहाल 29 केंद्रीय सहकारी बैंक संचालित हैं।

उल्लेखनीय है कि राजस्थान राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) द्वारा स्वतंत्र केंद्रीय सहकारी बैंक से वंचित राज्य के शेष 12 जिलों में जिला केंद्रीय सहकारी बैंक की स्थापना के लिए सर्वेक्षण करवाया गया था। इनमें से चार जिलों – प्रतापगढ़, फलौदी, बालोतरा और डीडवाना-कुचामन का चयन केंद्रीय सहकारी बैंक की स्थापना के लिए किया गया है।

वर्तमान में इन चार जिलों में से एक – फलौदी जिले में जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के विधिवत पंजीकरण के उपरांत संचालक मंडल का गठन किया जा चुका है जबकि शेष तीन जिलों में केंद्रीय सहकारी बैंकों के पंजीकरण की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है। हालांकि, राज्य में जब 33 जिले थे, तब भी शेष रहे चार जिलों में केंद्रीय सहकारी बैंक खोले जाने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण किए कई वर्ष हो चुके हैं, उनमें आज तक नए डीसीसीबी नहीं खोले जा सके हैं। प्रतापगढ़ उन्हीं में से एक है। आरबीआई द्वारा नए डीसीसीबी के लिए लाइसेंस जारी करने से इनकार किए जाने के बाद इन जिलों में जिला केंद्रीय सहकारी बैंक की स्थापना का कार्य स्थगित कर दिया गया।

तीन साल पहले बने तीन जिलों का चयन

प्रतापगढ़ जिले का गठन वर्ष 2008 में हुआ जबकि डीडवाना-कुचामन, बालोतरा और फलोदी जिले का गठन 2023 में किया गया था। प्रतापगढ़ का गठन वसुंधरा राजे सरकार द्वारा किया गया जबकि शेष तीन जिलों का गठन अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुआ। 1 अप्रैल 2008 को प्रतापगढ़ ने राज्य के 33वेें जिले के रूप में कार्य करना शुरू कर दिया था। इसे चित्तौडग़ढ़, उदयपुर और बांसवाड़ा जिलों की तहसीलों को काटकर बनाया गया।

फलोदी को जोधपुर जिले से, बालोतरा को बाड़मेर जिले से जबकि डीडवाना-कुचामन को नागौर जिले से अलग करके बनाया गया। इन सब जिलों का गठन 7 अगस्त 2023 को गहलोत सरकार के कार्यकाल में हुआ।

1982 में बना 27वां जिला भी डीसीसीबी विहीन

भैरोंसिंह शेखावत सरकार के कार्यकाल (4 मार्च 1990 से 15 दिसंबर 1992 एवं 4 दिसंबर 1993 से 1 दिसम्बर 1998) में राज्य में पांच नए जिलों का गठन किया गया था, जिसमें 28वां जिला बारां (10 अप्रैल 1991), 29वां जिला दौसा (10 अप्रैल 1991), 30वां जिला राजसमंद (10 अप्रैल 1991), 31वां जिला हनुमानगढ़ (12 जुलाई 1994) और 32वां जिला करौली (19 जुलाई 1997) शामिल है। धौलपुर राज्य का 27वां जिला था, जो 15 अप्रेल 1982 को बना था। धौलपुर, राजसमंद और करौली जिलों में भी केंद्रीय सहकारी बैंक नहीं है।

लोकार्पण एवं शिलान्यास

कार्यक्रम में अमित शाह ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में अलवर डेयरी में नवीन डेयरी संयंत्र, जयपुर डेयरी में एक्सटेंशन प्लांट, विभिन्न डेयरियों में प्रोसेसिंग एवं कैटल फीड प्लांट सहित कुल 6,453 करोड़ रुपये की लागत के 954 विकास कार्यों का ई-लोकार्पण एवं ई-शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत 152 करोड़ रुपये की राशि तथा 67 लाख किसानों को किसान सम्मान निधि के रूप में 667 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी से हस्तांतरित की गई। साथ ही, 10,548 अभ्यर्थियों को सरकारी सेवा के नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

 

 

error: Content is protected !!