शक्ति भवानी बुद्धा माता मंदिर में 99वें नवरात्रि महोत्सव की धूम
श्रीविजयनगर, 14 अक्टूबर। हरिपुरा रोड स्थित प्रसिद्ध शक्ति भवानी बुद्धा माता मन्दिर में 99वें नवरात्रि महोत्सव का भव्य एवं श्रद्धापूर्ण आयोजन 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। 10 दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। नवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर मेें भव्य सजावट की गई है।
मन्दिर में प्रतिदिन सायंकाल में 4 से 7 बजे तक भजन-कीर्तन हो रहे हैं एवं माता की चौकी सजायी जा रही है। यह क्षेत्र का एक मात्र मां दुर्गा का मंदिर है, जहां मनौती पूर्ण होने पर श्रद्धालुओं द्वारा नवरात्रि के दौरान अखंड ज्योति प्रज्वलित की जाती है। मंदिर में पिछले 50 वर्ष से यह क्रम लगातार जारी है। प्रत्येक नवरात्रि के दौरान 12 अखंड ज्योतियां प्रज्वलित की जाती हैं।

मंदिर कमेटी की संरक्षक हरि सिंह कामरा ने नवरात्रि महोत्सव के दौरान आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी।
महोत्सव के मुख्य आकर्षण एवं धार्मिक कार्यक्रम
11,000 ज्योतों से महाआरती
18 अक्टूबर 2026 (रविवार) को सायं 6.15 बजे मंदिर प्रांगण में 11,000 ज्योतों के साथ भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा।
56 भोग प्रसादी व माँ भगवती जागरण
19 अक्टूबर 2026 (सोमवार) को सायं 6.15 बजे माता रानी को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे, जिसके बाद रात्रि 9.15 बजे से माँ भगवती जागरण का आयोजन होगा, जिसमें पीलीबंगा की पूनम मीर भजन मंडल एवं स्थानीय कलाकार भजनों के माध्यम से मां भगवती की महिमा का गुणगान करेंगे ।

श्री दुर्गा सप्तशती हवन
20 अक्टूबर 2026 (मंगलवार) को प्रात: 8:15 बजे, क्षेत्र की सुख समृद्धि की कामना के लिए वैदिक रीति-रिवाज से दुर्गा सप्तशती का सामूहिक हवन आरम्भ होगा।
108 कंजक पूजन
20 अक्टूबर को ही प्रात: 11:15 बजे 108 कन्याओं (कंजकों) का पूजन कर उन्हें उपहार भेंट किए जाएंगे एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा।
अटूट भण्डार (लंगर)
कंजक पूजन के उपरांत 20 अक्टूबर को दोपहर 12:15 बजे से अटूट लंगर (भंडारा) का आयोजन रहेगा।

सेवा एवं सहयोग की अपील
आयोजकों द्वारा लंगर एवं महोत्सव हेतु खाद्य सामग्री अथवा आर्थिक सहयोग देने के इच्छुक श्रद्धालुजन मोबाइल नंबर 9001156755 पर संपर्क कर सकते हैं। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करने का अनुरोध किया है।

