सहकारी मसालों की खूश्बू से एक बार फिर महकेगी गुलाबी नगरी
शासन सचिव डॉ. समित शर्मा ने की राष्ट्रीय सहकार मसाला मेला-2026 की तैयारी की समीक्षा
जवाहर कला केन्द्र में 17 से 26 अप्रेल तक आयोजित होगा ‘राष्ट्रीय सहकार मसाला मेला-2026’
जयपुर, 15 अप्रेल (मुखपत्र) । सहकारिता विभाग एवं राजस्थान राज्य सहकारी उपभोक्ता संघ लिमिटेड (CONFED) के संयुक्त तत्वावधान में जवाहर कला केन्द्र में 17 से 26 अप्रेल तक ‘राष्ट्रीय सहकार मसाला मेला-2026’ का आयोजन किया जाएगा। सहकारिता विभाग के शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां डॉ. समित शर्मा ने बुधवार को शासन सचिवालय स्थित अपने कक्ष में मेले की तैयारी की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
शासन सचिव ने कहा कि राष्ट्रीय सहकार मसाला मेले का आयोजन सहकारिता विभाग के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। यह मेला अब जयपुर की विशिष्ट पहचान बन चुका है, जिसका जयपुरवासियों को बेसब्री से इंतजार रहता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले को आगन्तुक ग्राहकों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। मेले में फुटफॉल बढ़ाने के लिए इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने मेले में स्टॉल्स की संख्या में वृद्धि करने और ऑर्गेनिक उत्पादों व श्रीअन्न उत्पादों को प्रमुखता से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया।

नवाचारों का समावेश करें
डॉ. शर्मा ने कहा कि मेले में नवाचारों का व्यापक रूप से समावेश किया जाए, जिससे लोगों का मेले के प्रति आकर्षण बढ़े। उन्होंने मेले में उत्पाद प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए देश-प्रदेश से आने वाले प्रतिभागियों के लिए आवास व परिवहन सहित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेले में प्रतिदिन आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्या में राज्य की लोक कलाओं का समावेश करते हुए कार्यक्रमों को अधिक आकर्षक बनाने के निर्देश दिए।
शासन सचिव ने कहा कि मसाला मेला सहकारी संस्थाओं, महिला समूहों एवं स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के व्यवसाय, बिक्री एवं प्रचार के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करता है। इन संस्थाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए वर्षपर्यंत प्लेटफॉर्म उपलब्ध करवाने पर भी विचार किया जाए।
बैठक में मेले के संबंध में गठित विभिन्न कमेटियों के प्रभारी अधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। (Photo by Manus)
Related News
TOP NEWS
सहकारी बैंकों के किसान 15 मई तक खरीफ फसली ऋण का चुकारा कर सकेंगे, अपेक्स बैंक ने जारी किया आदेश
प्रधानमंत्री पुरस्कार से सम्मानित IAS डॉ. समित शर्मा अब सहकारिता के खेवनहार
खरीफ ऋण वसूली की अंतिम तिथि बढाने को वित्त विभाग ने दी मंजूरी
सीएम-ओटीएस में रिकार्ड वसूली, लॉन्गटर्म सैक्टर को मिलेगी आर्थिक संजीवनी
सहकार में नवाचार : झुंझुनूं में राजस्थान के पहले ‘मिलेट को-ऑप कैफे’ का शुभारंभ

