इफको-कृभकों को सहकारी विभाग के निर्देश, सहकारी समितियों के माध्यम से ही करें उर्वरकों की आपूर्ति
जयपुर, 29 मई (मुखपत्र)। सहकारिता विभाग ने उर्वरक आपूर्ति को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। सहकारिता मंत्री की अध्यक्षता में 22 मई 2026 को हुई बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन में, अब उर्वरकों की आपूर्ति निजी वितरकों के माध्यम से नहीं की जाएगी। इसके बजाय, आपूर्ति केवल पैक्स (ग्राम सेवा सहकारी समितियां) और क्रय-विक्रय सहकारी समितियां को ही की जाएगी।
अतिरिक्त रजिस्ट्रार-द्वितीय संदीप खंडेलवाल की ओर से, देश की दोनों बड़ी सहकारी उर्वरक उत्पादक संस्थाओं – इफको और कृभको के राज्य विपणन प्रबंधकों को पाबन्द किया गया है कि प्रत्येक जिले में उर्वरकों का ब्लॉकवार आवंटन समानुपातिक आधार पर किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसानों को उचित समय पर और पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हो सकें।
इसके अतिरिक्त, डूंगरपुर और बांसवाड़ा जिलों में उर्वरक रैक लगवाने के विशेष निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि इन क्षेत्रों में आपूर्ति सुचारु रूप से बनी रहे। इफको को नैनो यूरिया के संबंध में जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया है, जिससे किसान इस नई तकनीक और इसके लाभों से अवगत हो सकें। यह कदम किसानों तक उर्वरकों की पहुंच को बेहतर बनाने और आपूर्ति श्रृंखला में पारदर्शिता लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

