राज्य

उदयपुर पीएलडीबी में कांग्रेस समर्थित बोर्ड निर्वाचित, मथुरेश नागदा पुन: अध्यक्ष चुने गए

उदयपुर, 29 मई (मुखपत्र)। उदयपुर जिला सहकारी भूमि विकास बैंक लिमिटेड के चुनाव संपन्न हो गए हैं। भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में उदयपुर पीएलडीबी में संचालक मंडल के लिए 12 में से 11 सदस्य कांग्रेस समर्थित चुने गए हैं। भूमि विकास बैंक में संचालक मंडल पदाधिकारियों का चुनाव शुक्रवार को संपन्न हुआ, जिसमें मथुरालाल नागदा (मथुरेश नागदा) अध्यक्ष चुने गए हैं। वे पहले भी भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष रह चुके हैं। वार्ड नंबर 35 से निर्वाचित करण सिंह उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए हैं। निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार कोठारी ने चुनाव परिणाम की घोषणा की।

इससे पहले, 25 मई 2026 को संचालक मंडल के लिए चुनाव में सामान्य वर्ग से मथुरालाल (मथुरेश) नागदा, करण सिंह, अर्जुन लाल/भीमजी, ओम प्रकाश, केसराराम, नवलसिंह, मन्ना लाल, विजयसिंह, एसटी वर्ग से शिवलाल मीणा, एससी वर्ग से अर्जुनलाल/नाथूलाल और महिला वर्ग से अंजना नागदा एवं आशा चपलोत सदस्य निर्वाचित हुई। उल्लेखनीय है कि उदयपुर भूमि विकास बैंक में चुनाव राजस्थान हाई कोर्ट के आदेश के बाद, राज्य सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण द्वारा चुनाव कार्यक्रम जारी किया गया था। मथुरेश नागदा की याचिका पर ही हाईकोर्ट ने नये संचालक मंडल का चुनाव कराये निर्वाचन प्राधिकरण को निर्देशित किया गया था।

पदाधिकारियों के निर्वाचन के दौरान भाजपाइयों के प्रदर्शन एवं उनके कांग्रेस समर्थकों के बीच रस्साकशी से माहौल काफी तनावपूर्ण रहा। इसके चलते, सायंकाल में निर्वाचन अधिकारी का स्वास्थ्य भी खराब हो गया और उन्हें उपचार के लिए चिकित्सकों की मदद लेनी पड़ी।

 

 

 

error: Content is protected !!