राज्य

नवाचार और मेहनत ने प्रगतिशील कृषक को बनाया किसानों का ब्रांड एम्बेसडर

-कृषि आयुक्त नरेश गोयल ने किया प्रगतिशील कृषक मोती लाल को किया सम्मानित

– अब ‘किसान ब्रांड एम्बेसडर’ एवं ट्रेनर, बन कर प्रदेशभर में देंगे जैविक एवं प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण

जयपुर, 17 अगस्त (मुखपत्र)। खेत में मेहनत, खेती में नवाचार और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति समर्पण जब किसान हित की भावना से जुड़ता है, तो एक किसान की सफलता हजारों किसानों के लिए प्रेरणा बन जाती है। जयपुर जिले के मौजमाबाद क्षेत्र के प्रगतिशील कृषक मोती लाल ने जैविक एवं प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में उल्लेेखनीय कार्यों और व्यावहारिक अनुभवों से ऐसी ही मिसाल कायम की है। उनकी कृषि के प्रति प्रतिबद्धता, नवाचार और किसानों को प्रेरित करने की क्षमता को देखते हुए कृषि विभाग, राजस्थान सरकार ने उन्हें ‘किसान ब्रांड एम्बेसडर’ एवं ट्रेनर के रूप में जोडऩे का निर्णय लिया है।

खेत के अनुभव को मिली प्रदेश स्तर पर पहचान

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में पंत कृषि भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने मोती लाल को कृषि क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया और उन्हें जैविक एवं प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में किसान ब्रांड एम्बेसडर एवं ट्रेनर के रूप में नियुक्त करने का निर्णय लिया।

जयपुर। प्रगतिशील कृषक मोतीलाल को सम्मानित करते हुए कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल, IAS.

मोती लाल 10वीं कक्षा तक शिक्षित हैं और अपने व्यावहारिक कृषि ज्ञान, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति और प्रभावशाली संवाद क्षमता के कारण किसानों के बीच अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। वे एक अच्छे मोटिवेशनल स्पीकर भी हैं और अपने अनुभवों को सरल एवं प्रभावी तरीके से किसानों तक पहुंचाने की क्षमता रखते हैं।

अब किसान ही बनेंगे किसानों के गुरु

मोती लाल अब राजस्थान के विभिन्न जिलों में आयोजित होने वाले कृषक प्रशिक्षण, कार्यशालाओं, किसान संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लेकर किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करेंगे। वे किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, जैविक कृषि पद्धतियों, स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग, खेती में नवाचार तथा टिकाऊ कृषि तकनीकों के बारे में व्यावहारिक अनुभव साझा करेंगे।

किसान के अनुभव और सरकारी प्रशिक्षण व्यवस्था को जोडऩे वाली यह पहल प्रदेश में ‘किसान से किसान तक ज्ञान’ की अवधारणा को मजबूती प्रदान करेगी। इससे सफल किसानों के खेतों पर किए गए प्रयोग और स्थानीय स्तर पर विकसित कृषि ज्ञान सीधे अन्य किसानों तक पहुंच सकेगा।

हर माह मिलेगा 11 हजार रुपए का मानदेय

‘किसान ब्रांड एम्बेसडर’ एवं ट्रेनर के रूप में मोती लाल को किसानों के बीच प्रशिक्षण एवं जागरूकता गतिविधियों के लिए श्री रामशांताय जैविक कृषि अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र, कोटा द्वारा 11 हजार रुपए प्रतिमाह का मानदेय प्रदान किया जाएगा।
प्रदेश में कहीं भी प्रशिक्षण के लिए मिलेगा विशेष सहयोग

राज्य में जहां भी जैविक एवं प्राकृतिक खेती के प्रचार-प्रसार के लिए कृषक प्रशिक्षण, कार्यशाला या किसान संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे, वहां कृषि विभाग द्वारा मोती लाल की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। ऐसे कार्यक्रमों में उनकी यात्रा, परिवहन, भोजन व्यवस्था एवं आवश्यक अन्य सुविधाएं कृषि विभाग द्वारा वीआईपी ट्रीटमेंट वाली उपलब्ध कराई जाएंगी।

 

 

error: Content is protected !!