राज्यसहकारिता

श्रीगंगानगर सहकारी भूमि विकास बैंक के चुनाव में जाट गुट ने किया क्लीन स्वीप

श्रीगंगानगर, 5 जुलाई (मुखपत्र)। जिला मुख्यालय पर स्थिति श्रीगंगानगर प्राथमिक सहकारी भूमि विकास बैंक लिमिटेड में संचालक मंडल के सदस्यों के जाट गुट ने क्लीन स्वीप किया है। इस ग्रुप के सभी 11 उम्मीदवार विजयी हुए हैं। जीतने वाले अधिकांश उम्मीदवार आपस में नजदीक या दूर के रिश्तेदार बताये जा रहे हैं।

सहायक चुनाव अधिकारी चंद्रशेखर मुडासिया ने बताया कि कुल 72 मतदाताओं में से 71 ने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें से 2 वोट खारिज हो गये। इनके द्वारा आज 11 संचालक मंडल सदस्यों का चुनाव किया गया। सामान्य वर्ग से 8, महिला वर्ग से 2 तथा अनुसूचित जाति वर्ग से एक संचालक चुना गया है। 12 सदस्यीय संचालक मंडल में अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित संचालक का एक पद, उम्मीदवार के अभाव में रिक्त रह गया।

निर्वाचित संचालक मंडल सदस्य और उन्हें प्राप्त मत

मुडासिया ने बताया कि सामान्य वर्ग से कृपा राम साईं (50), गिरधारी लाल कुकड़वाल (45), दयाराम जांदू (45), धर्मपाल सहारण (47), प्रेमप्रकाश (43), राजेंद्र मण्डा (46), विनोद कुमार गोदारा (46), सोहनलाल महिया (40), महिला वर्ग से कविता रेग़र (46) व रेणू भादू (49) तथा अजा वर्ग से सुरेश कुमार (40) को अधिकतम मत प्राप्त करने पर निर्वाचित घोषित किया गया है।

पदाधिकारियों का चुनाव गुरुवार को

सहायक चुनाव अधिकारी ने बताया कि कल गुरुवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराया जायेगा। इसके लिए सुबह 10 से 11 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किये जायेंगे। उम्मीदवार दोपहर 1.30 बजे से 2 बजे तक नाम वापिस ले सकेंगे। यदि आवश्यक हुआ तो शाम 3 से 4 बजे तक मतदान कराया जायेगा।

अधिकांश डायरेक्टरों की आपस में रिश्तेदारी

सूत्रों ने बताया कि विजयी उम्मीदवारों में अधिकांश घमूड़वाली-बींझबायला क्षेत्र से हैं, जिन्होंने सूरतगढ़ और श्रीगंगानगर से निर्वाचित समान विचारधारा वाले डेलिगेेट्स को साथ लेकर ग्रुप बनाया और संचालक मंडल के सभी 11 पदों पर विजयश्री का वरण किया। इनमें अधिकांश लोगों का आपस में वर्षों से पारिवारिक सम्बंध है। एकजुटता के चलते इस ग्रुप के सभी उम्मीदवार, कुल वैध मतों में से 58 प्रतिशत से लेकर 72 प्रतिशत वोट प्राप्त करने में सफल रहे। प्रतिद्वंद्वी किसी उम्मीदवार को 27 से अधिक मत प्राप्त नहीं हुए।

error: Content is protected !!