सहकारिता

राज्य सहकारी बैंक 14.21 करोड़ रुपए का लाभांश वितरण करेगा

– बैंक को एक वित्तीय वर्ष में 71 करोड़ 14 लाख रुपए का शुद्ध लाभ

– 31.02 लाख किसानों को 23790.89 करोड़ रुपए के अल्पकालीन फसली ऋण वितरित

जयपुर, 28 सितम्बर (मुखपत्र)। प्रदेश में अल्पकालीन सहकारी साख संरचना का परचम लहराने वाले राजस्थान राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड (APEX BANK), जयपुर ने वित्त वर्ष 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 71 करोड़ रुपए से अधिक शुद्ध लाभ अर्जित किया है। सहकारिता विभाग के शासन सचिव एवं अपेक्स बैंक प्रशासक डॉ. समित शर्मा द्वारा सोमवार को हाईब्रिड मोड पर आयोजित अपेक्स बैंक की 70वीं वार्षिक साधारण सभा (AGM) में यह जानकारी सहर्ष प्रदान की गई।

प्रशासकीय उद्बोधन में डॉ. समित शर्मा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बैंक को 71.14 करोड़ रुपए का रिकॉर्ड शुद्ध लाभ हुआ है। आमसभा द्वारा वर्ष 2025-26 के शुद्ध लाभ में से 14.21 करोड़ रुपए का लाभांश (dividend) वितरण किए जाने की स्वीकृति सर्वसम्मिति से प्रदान की गई। प्रशासक ने बताया कि बैंक द्वारा भारतीय रिजर्व बैंक के सभी मापदडों यथा सीआरएआर, सीआरआर, एसएलआर की पूर्ण पालना की जा रही है। वर्ष 2025-26 में रबी और खरीफ सीजन के दौरान केन्द्रीय सहकारी बैंकों द्वारा ग्राम सेवा सहकारी समितियां के माध्यम से 31.02 लाख किसानों को 23790.89 करोड़ रुपए के अल्पकालीन फसली ऋण वितरित किए गए, साथ ही गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 59,133 गोपालकों को 479.89 करोड़ रुपए का ऋण उपलब्ध कराया गया।

नए बैंकों के लाइसेंस लेने की प्रक्रिया जारी

उन्होंने बताया कि केन्द्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा राज्य में 4 नये जिला सहकारी बैंक -फलोदी, प्रतापगढ़, डीडवाना-कुचामन व बालोतरा की स्थापना की घोषणा की है। नए बैंकों के लिए भारतीय रिजर्व बैंक से लाइसेंस प्राप्त करने की कार्यवाही तीव्रता से जारी है।

सहकारी बैंकों में एईबीएएस सिस्टम से उपस्थिति

शासन सचिव ने कहा कि सुशासन की भावना के अनुरूप, राज्य सरकार एवं सहकारी बैंकों से संबंधित सुविधाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सहकारी बैंक कार्मिकों के सतत एवं सार्थक सहयोग के लिए आधार इनेबल बायोमैट्रिक अटेडेन्स सिस्टम (AEBAS) लागू किया गया है।

पैक्स कम्प्यूटराइजेशन प्रोजेक्ट में उल्लेखनीय प्रगति

पैक्स के कार्यों में पारदर्शिता लाने और वित्तीय अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पैक्स कम्प्यूटराइजेशन करवाया जा रहा है। इसके अंतर्गत 11 करोड़ 69 ईआरपी ट्रांजेक्शन दर्ज करने वाला राजस्थान देश का प्रथम राज्य है जबकि पैक्स कम्प्यूटराइजेशन परियोजना के तहत ई-पैक्स घोषित करने में राजस्थान, देश में दूसरे स्थान पर है। यह प्रदर्शन राज्य में सहकारिता की आशातीत सफलता को परिलक्षित करता है। सहकार से समृद्धि के विभिन्न नवाचारों में राजस्थान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

व्यवसाय विविधिकरण पर फोकस

शासन सचिव ने बताया कि केपीआई के माध्यम से सभी बैंक शाखाओं और पैक्स की ग्रेडिंग कर रैंकिंग दी जा रही है और उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बैंक द्वारा लक्ष्यों के अनुरूप वर्ष 2026-27 में 12000 डीसीएस को बैंक मित्र बनाकर माइक्रो एटीएम उपलब्ध करवाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री की भावना एवं सहकारिता मंत्री के निर्देशों के अनुरूप व्यवसाय विविधिकरण करने एवं अधिकाधिक युवाओं एवं महिलाओं को सहकारिता से जोडऩे का आह्वान किया।

पारदर्शिता के लिए तीन संकल्प

डॉ. समित शर्मा ने समितियों को सुदृढ करने, बैंक सेवाओं का आधुनिकीकरण करने तथा कार्य निष्पादन में पारदर्शिता लाए जाने के तीन संकल्पों से सहकारिता को सुदृढ करने के निर्देश दिए। प्रशासक द्वारा ‘सहकार से समृद्धि‘ योजनान्तर्गत सभी पहलों पर कार्य करने के लिए पैक्स को प्रोत्साहित किया। उन्होंने किसान उत्पादक संगठनों कों पैक्स की आर्थिक सक्षमता के साथ किसानों की आय एवं जीवन स्तर को बढ़ाने के लिए सहायक बताते हुए राज्य सरकार की बजट घोषणा के अन्तर्गत कार्य करने हेतु बल दिया।

प्रबंध निदेशक ने प्र्रस्तुत किया एजेंडा

बैंक के प्रबन्ध निदेशक रणजीत सिंह चूण्डावत ने बिन्दूवार एजेंडा प्रस्तुत किया, जिनका विचार विमर्श उपरान्त सर्वसम्मिति से अनुमोदन किया गया। उन्होंने वर्ष 2026-27 के भावी कार्यक्रम तथा आगमी 5 वर्ष की कार्य योजना पर प्रकाश डाला। प्रबंध निदेशक ने बैंकों के बैंक अध्यक्षों/प्रशासकों से अनुरोध किया कि वे पैक्स में दैनिक आधार पर ईआरपी सॉफ्टवेयर पर डायनेमिक डे-एंड कराएं, साथ ही सक्रिय डेयरी प्राथमिक समितियां को केन्द्रीय सहकारी बैंकों का बैंक मित्र बनाने के कार्य में अपना योगदान दें।

प्रशासक ने राज्य सरकार, भारतीय रिजर्व बैंक एवं नाबार्ड का सम-समायिक मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्तकिया गया। प्रबन्ध निदेशक ने एजीएम में उपस्थित सदस्यों एवं वच्र्यूली जुड़े हुए समस्त सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया। यह जानकारी बैंक के जन सम्पर्क अधिकारी द्वारा एक प्रेसनोट में दी गई।

error: Content is protected !!