उपभोक्ता संघ की वार्षिक साधारण सभा 30 सितंबर को
जयपुर, 27 सितम्बर (मुखपत्र)। राजस्थान राज्य सहकारी उपभोक्ता संघ लिमिटेड (CONFED), जयपुर की 41वीं वार्षिक साधारण सभा (AGM) का आयोजन 30 सितंबर 2026 को प्रात: 11 बजे नेहरू सहकार भवन के चतुर्थ तल पर स्थित सभागार में किया जायेगा, जिसकी अध्यक्षता, सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार एवं कॉनफेड के प्रशासक डॉ. समित शर्मा करेंगे। एजीएम में कॉनफैड की सदस्य सहकारी समितियों (सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार एवं क्रय विक्रय सहकारी समितियां) के अध्यक्ष/प्रशासक भाग ले सकेंगे, साथ ही, वित्त विभाग, राजफैड, खाद्य विभाग, पेंशन एवं वेलफेयर विभाग, राजस संघ उदयपुर के प्रतिनिधि भी सम्मिलित होंगे।
एजीएम के एजेंडे के बिन्दुओं में उपभोक्ता संघ की गत साधारण सभा की बैठक दिनांक 26.11.2025 में लिये गये निर्णयों की क्रियान्विति रिपोर्ट, संघ के वर्ष 2025-26 के अंकेक्षित अंतिम लेखे (व्यापार खाता, लाभ-हानि खाता एवं संतुलन चित्र) रिपोर्ट, संघ की वर्ष 2025-26 के ऑडिटेड अंतिम लेखे की ऑडिट रिपोर्ट भाग-अ की अनुपालना रिपोर्ट पर विचार किया जायेगा।
इनके अलावा, वित्तीय वर्ष 2025-26 के माह सितंबर 2026 तक खर्चों एवं आवंटित लक्ष्यों के विरुद्ध उपलब्धियों का पूर्ण विवरण, आगामी वित्त वर्ष 2027-28 के व्यावसायिक लक्ष्यों व बजट आवंटन के अनुमोदन पर विचार, कॉनफेड के वर्ष 2026-27 के वार्षिक लेखों के अंकेक्षण हेतु वैधानिक अंकेक्षक की नियुक्ति पर विचार आदि बिन्दू शामिल किए गए हैं।

