राज्यसहकारिता

सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार में निर्वाचन प्रक्रिया आरम्भ, 10 फरवरी को डेलिगेट बॉडी एवं 27 फरवरी को संचालक मंडल का चुनाव होगा

श्रीगंगानगर, 28 जनवरी (मुखपत्र)। दि गंगानगर सहकारी उपभोक्ता होलसेल भण्डार लिमिटेड, श्रीगंगानगर में नयी समिति के गठन के लिए निर्वाचन प्रक्रिया आरम्भ हो गयी है। निर्वाचन अधिकारी उप रजिस्ट्रार प्रियंका जांगिड़ (सचिव, प्राथमिक सहकारी भूमि विकास बैंक लि. श्रीगंगानगर) ने बताया कि भंडार में संचालक मंडल के गठन के लिए दो चरण में चुनाव होगा। पहले चरण में प्रतिनिधि साधारण निकाय (डेलिगेट बॉडी) का एवं दूसरे चरण में संचालक मंडल का चुनाव कराया जायेगा। डेलिगेट बॉडी के चुनाव के लिए 27 जनवरी को निर्वाचन का नोटिस जारी कर, प्रस्तावित मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया। ये सूचियां भंडार परिसर में चस्पां की गयी हैं।

उन्होंने बताया कि डेलिगेट बॉडी के चुनाव के लिए पात्र व्यक्तिगत सदस्यों की संख्या 3441 है। इसके लिए 33 वार्डों का गठन किया गया है, जिसमें से 57 डेलिगेट्स चुने जाएंगे। दूसरे चरण में संचालक मंडल के गठन के लिए 13 फरवरी को निर्वाचन प्रक्रिया आरम्भ होगी। भंडार के 16 सदस्यीय संचालक मंडल में से 12 निर्वाचित सदस्य होंगे। इनमें से 6 सदस्य डेलिगेट बॉडी से चुने जाएंगे तथा तीन-तीन सदस्य होलसेल भंडार के सदस्य प्राथमिक भंडारों में से एवं ग्राम सेवा सहकारी समितियों/महिला सहकारी समितियों में चुने जाएंगे।

डेलिगेट बॉडी का चुनाव कार्यक्रम

चुनाव अधिकारी ने बताया कि डेलिगेट बॉडी के चुनाव के लिए 27 जनवरी को प्रस्तावित मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। 2 फरवरी को दोपहर 1 बजे तक मतदाता सूची पर आक्षेप प्राप्त किये जाएंगे, तत्पश्चात आक्षेपों पर सुनवाई कर, अन्तिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जायेगा। 4 फरवरी को नामांकन पत्र दाखिल किये जा सकेंगे। इसी दिन नामांकन पत्रों की जांच कर वैध नामांकन पत्रों की सूची का प्रकाशन किया जायेगा। 5 फरवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नामांकन पत्र वापिस लिये जा सकेंगे, तदोपरांत चुनाव में भाग लेने वाले उम्मीदवारों की सूची का प्रकाशन किया जायेगा। यदि आवश्यक हुआ तो डेलिगेट बॉडी के चुनाव के लिए 10 फरवरी को सुबह 9 बजे से सायं 5 बजे तक मतदान होगा। अगले दिन यानी 11 फरवरी को मतगणना होगी एवं चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा।

संचालक मंडल का चुनाव कार्यक्रम

– 13 फरवरी 2023 को निर्वाचन का नोटिस जारी होगा एवं प्रस्तावित मतदाता सूची का प्रकाशन किया जायेगा।

– 13 फरवरी से 19 फरवरी दोपहर 1 बजे तक प्रस्तावित मतदाता सूची पर आक्षेप प्राप्त किये जाएंगे। उसके पश्चात आक्षेपों पर सुनवाई कर, अन्तिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जायेगा।

– 23 फरवरी को नामांकन पत्र दाखिल किये जा सकेंगे। इसी दिन नामांकन पत्रों की जांच कर वैध नामांकन पत्रों की सूची का प्रकाशन किया जायेगा।

– 24 फरवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नामांकन पत्र वापिस लिये जा सकेंगे, तदोपरांत चुनाव में भाग लेने वाले उम्मीदवारों की सूची का प्रकाशन किया जायेगा।

– यदि आवश्यक हुआ तो 27 फरवरी को सुबह 9 बजे से सायं 4 बजे तक मतदान होगा। सायं 5 बजे मतगणना प्रारम्भ कर, चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा।

– 28 फरवरी 2013 को पदाधिकारियों का चुनाव होगा।

error: Content is protected !!