राष्ट्रीय सहकार मसाला मेला : शासन सचिव डॉ. समित शर्मा ने दैनिक लक्की ड्रा विजेताओं को दिये गिफ्ट हैम्पर
जयपुर, 22 अप्रेल (मुखपत्र)। नवाचारों के पक्षधर, सहकारिता विभाग के शासन सचिव डॉ. समित शर्मा ने बुधवार को राष्ट्रीय सहकार मसाला मेला में पहुंचकर सबको चौंका दिया। शासन सचिव, सायंकाल में जयपुर संभाग की ओर से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में सम्मिलित हुए और विख्यात कलाकार सुदेश शर्मा के सुमधुर कंठ से पुराने फिल्मी गीतों का लुत्फ उठाया। डॉ. समित के अनुरोध पर सुदेश शर्मा ने नैन लड़ गयी हैं, चांद जैसे मुखड़े पे बिंदिया सितारा, जब-जब बहार आई, बीती ना बितायी रैना, किसी नजर को तेरा इंतजार, जैसे कालजयी गीत सुनाये।

इस दौरान, डॉ. समित शर्मा द्वारा न्यूनतम दो हजार रुपये के मसालों की खरीद करने वालों के लिए दैनिक लक्की ड्रा निकाला, जिसके अंतर्गत प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में विजेताओं को क्रमश: 5100, 3100 और 2100 रुपये अंकित मूल्य का गिफ्ट हैंपर प्रदान किया जाता है। डॉ. शर्मा ने मौके पर उपस्थित विजेता को गिफ्ट हैंपर प्रदान किया जबकि एक अन्य विजेता से फोन पर बात कर उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर जयपुर जोनल एडिशनल रजिस्ट्रार एमएल गुर्जर, जयपुर सीसीबी एमडी दिनेश शर्मा, कॉनफेड एमडी राजेंद्र सिंह, ज्वाइंट रजिस्ट्रार मुरारसिंह जाड़ावत, अनिल कुमार व सोनल माथुर सहित सहकारिता विभाग एवं कॉनफेड के अधिकारी-कर्मचारी व बड़ी संख्या में मेले में खरीदारी करने आये लोग उपस्थित थे।

इसी प्रकार, गुरुवार को मेला भ्रमण के लिये आये अपेक्स बैंक के प्रबंध निदेशक रणजीतसिंह चूंडावत ने भी दैनिक लक्की ड्रा के विजेताओं को गिफ्ट हैंपर प्रदान किये, जो एक दिन पूर्व मौके पर उपस्थित नहीं थे।
रिलेटेड न्यूज़
शुद्ध व पौष्टिक मसालों का पर्याय बन गया है राष्ट्रीय सहकार मसाला मेला

