सहकारी संस्थाओं में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र आरंभ होगी
– शासन सचिव डॉ. समित शर्मा ने की लंबित भर्तियों की समीक्षा
– सहकारी भर्ती बोर्ड एवं आईबीपीएस से समन्वय कर पारदर्शिता के साथ भर्ती प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश
जयपुर, 26 नवम्बर (मुखपत्र)। राज्य की विभिन्न सहकारी संस्थाओं में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को गति देने के उद्देश्य से गुरुवार को शासन सचिवालय में सहकारिता विभाग के शासन सचिव डॉ. समित शर्मा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्थान सहकारी भर्ती बोर्ड के माध्यम से प्रस्तावित भर्तियों की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
शासन सचिव ने प्राथमिक भूमि विकास बैंकों (PLDB), राज्य भूमि विकास बैंक (SLDB), राजस्थान सहकारी डेयरी संघ (RCDF), शहरी सहकारी बैंकों (UCB), पैक्स/लैम्प्स (PACS/LAMPS) तथा केंद्रीय सहकारी बैंकों (DCCB) में ऋण पर्यवेक्षकों (Loan Supervisor; LS) सहित विभिन्न सहकारी संस्थाओं में रिक्त पदों की समीक्षा करते हुए भर्ती प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित संस्थाएं आपसी समन्वय स्थापित कर रिक्त पदों का अपडेटेड विवरण उपलब्ध करवाएं, ताकि भर्ती संबंधी आवश्यक कार्यवाही बिना विलंब पूरी की जा सके।
रिक्त पदों की वर्गवार सूचना भेजें
उन्होंने आरसीडीएफएवं संबंधित शीर्ष सहकारी संस्थाओं को आपसी समन्वय से बैठक आयोजित कर सभी रिक्त पदों की वर्गवार (कैटेगरी वाइज) सूचना का तत्काल संकलन एवं आकलन करने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्थान राज्य सहकारी भर्ती बोर्ड को बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान (आईबीपीएस) के साथ समन्वय स्थापित कर परीक्षा आयोजन एवं भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र आगे बढ़ाने के लिए कहा।
पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती परीक्षा आयोजित की जाए
शासन सचिव ने निर्देशित किया कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा सभी संबंधित संस्थाएं आवश्यक सूचनाएं एवं प्रस्तावित कार्यवाही निर्धारित समयावधि में पूर्ण करें, ताकि सहकारी संस्थाओं में मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके और उनके कार्यों का प्रभावी संचालन किया जा सके।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में राइसेम की कार्यवाहक निदेशक उषा कपूर सतसंगी, राज्य भूमि विकास बैंक के प्रबंध निदेशक जितेंद्र प्रसाद, अपेक्स बैंक के प्रबंध निदेशक रणजीतसिंह चूंडावत, अतिरिक्त रजिस्ट्रार (मासवि) भोमाराम, अतिरिक्त रजिस्ट्रार (मॉनिटरिंग) श्यामलाल मीणा, अतिरिक्त रजिस्ट्रार (मार्केटिंग), बिजेंद्र कुमार शर्मा, अतिरिक्त रजिस्ट्रार (द्वितीय) राजेंद्रप्रसाद मीणा, संयुक्त रजिस्ट्रार (यूसीबी) किशनलाल मीणा, राज्य सहकारी संघ के मुख्य कार्यकारी रफीक मोहम्मद, राइसेम के अतिरिक्त निदेशक प्रकाश जिंजवाडिय़ा सहित अन्य संबंधित फंक्शनल अधिकारी उपस्थित रहे।
TOP NEWS
राइसेम के राज्य सहकारी संघ में विलय और नियमित भर्तियों के प्रस्ताव पारित
डॉ. समित शर्मा ने सहकारिता विभाग में सिविल सेवा आचरण की कठोर सेंसरशिप लागू की
सहकारी बैंकों में अब सीनियर सैकेंडरी पास कर्मचारी का भी प्रमोशन हो सकेगा
सहकारी बैंक में सीधी भर्ती के नियम जारी, संविदा कार्मिकों को मिलेंगे बोनस अंक
भजनलाल सरकार ने इस अंदाज में दी सहकारी बैंकों को दीपावली की शुभकामनाएं
शासन सचिव डॉ. समित शर्मा ने किया कॉनफैड के ‘दीपोत्सव मेला-2026’ का शुभारम्भ

