राज्य

प्रदेश में यूरिया एवं डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता, आपूर्ति तंत्र को मजबूत बनाकर किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराएं : मुख्य सचिव

– आवंटन के अनुरूप उर्वरक आपूर्ति नहीं करने वाली कंपनियों के लक्ष्य अन्य कंपनियों को अंतरित किए जाएं: मुख्य सचिव

– उर्वरक आपूर्ति में सहकारी संस्थाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश

जयपुर, 25 नवंबर (मुखपत्र)। प्रदेश में रबी फसलों की बुवाई के दौरान किसानों को यूरिया एवं डीएपी की सुगम, समयबद्ध एवं पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उर्वरकों की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए बुधवार को शासन सचिवालय में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2026-27 के दौरान प्रदेश में रासायनिक उर्वरकों की मांग, आपूर्ति एवं जिलेवार उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों एवं उर्वरक कंपनियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में यूरिया एवं डीएपी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। किसानों को बुवाई के दौरान खाद की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग एवं उर्वरक निर्माता कंपनियां समन्वित प्रयास करते हुए आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करें। उन्होंने निर्देश दिए कि भारत सरकार द्वारा निर्धारित मासिक आवंटन के अनुरूप राज्य को आपूर्ति नहीं करने वाली कंपनियों के आवंटन में कटौती कर उसे बेहतर आपूर्ति करने वाली सक्षम कंपनियों को अंतरित करने के लिए कृषि विभाग केंद्र सरकार से समन्वय एवं पत्राचार करे।

बैठक के आरंभ में कृषि विभाग की प्रमुख शासन सचिव मंजू राजपाल ने प्रदेश में रबी एवं खरीफ 2026-27 के दौरान रासायनिक उर्वरकों की मांग, आपूर्ति एवं उपलब्धता की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि राज्य में यूरिया की आपूर्ति व उपलब्धता संतोषजनक है। खरीफ के दौरान आवंटन के विरुद्ध 112 प्रतिशत आपूर्ति दर्ज की गई तथा वर्तमान में भी प्रारंभिक स्टॉक व निरंतर आवक के चलते 9.64 लाख मीट्रिक टन की सुदृढ़ उपलब्धता बनी हुई है। इसी प्रकार, अधिकांश जिलों में डीएपी का 8 से 10 दिन का अग्रिम बफर स्टॉक उपलब्ध है।

अनुदानित उर्वरकों के औद्योगिक डायवर्जन एवं कालाबाजारी पर प्रभावी कार्रवाई

बैठक में कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने उर्वरकों के अवैध डायवर्जन, भंडारण एवं कालाबाजारी की रोकथाम के लिए प्रदेशभर में संचालित अभियान की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि फर्टिलाइजर डीलर्स की रियल-टाइम ऑनलाइन मॉनिटरिंग के तहत अब तक 12 हजार 141 डीलर्स का सघन निरीक्षण किया गया है। अभियान के दौरान 193 नमूने लिए गए, 1 हजार 282 फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए, 64 प्रतिष्ठानों पर बिक्री रोक लगाई गई तथा 93 फर्मों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। साथ ही, विभिन्न पुलिस थानों में 31 एफआईआर दर्ज कर 12 हजार 375 उर्वरक बैग जब्त किए गए हैं। इनमें दौसा के बालाहेड़ा में हाल ही में पकड़ा गया अवैध डीईएफ यूरिया प्लांट भी शामिल है।

कृषि आयुक्त ने बताया कि कृषि उपयोग के यूरिया एवं औद्योगिक टेक्निकल ग्रेड यूरिया की कीमतों में व्यापक अंतर होने के कारण अनुदानित यूरिया के प्लाइवुड, रेजिन एवं पशुआहार उद्योगों में डायवर्जन की आशंका रहती है।

इस पर मुख्य सचिव ने वाणिज्यिक कर विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित औद्योगिक इकाइयों द्वारा खरीदे गए टेक्निकल ग्रेड यूरिया, उनकी उत्पादन क्षमता तथा इनवर्ड सप्लाई चेन से संबंधित वास्तविक आंकड़े नियमित रूप से कृषि विभाग को उपलब्ध कराए जाएं।

वैकल्पिक खादों को मिलेगा प्रोत्साहन

मुख्य सचिव ने यूरिया एवं डीएपी पर अत्यधिक निर्भरता कम करने तथा मृदा स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए कृषि प्रसार तंत्र को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, सिंगल सुपर फास्फेट, एनपीके एवं जैव उर्वरकों के उपयोग के प्रति जागरूक किया जाए। संतुलित पोषण प्रबंधन को बढ़ावा देने से मृदा की उर्वरता बनाए रखने के साथ-साथ किसानों की उत्पादन लागत में कमी लाने में भी मदद मिलेगी।

एफएफएस पोर्टल से वास्तविक किसानों तक पहुंचेगा खाद का पारदर्शी वितरण

इस दौरान वास्तविक काश्तकारों तक उर्वरकों की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए एग्रीस्टैक आधारित ‘फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल्स व्यवस्था के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई। सिरोही एवं राजसमंद में सफल पायलट के बाद यह व्यवस्था प्रदेश के 18 जिलों में पुन: लागू की गई है तथा 30 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिलों में इसे लागू किया जाएगा।

मुख्य सचिव ने इस डिजिटल व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश देते हुए कहा कि फार्मर आईडी आधारित बुकिंग से उर्वरक वितरण में पारदर्शिता बढ़ेगी, अनावश्यक कतारों से किसानों को राहत मिलेगी तथा कालाबाजारी एवं टैगिंग जैसी अनियमितता पर अंकुश लगेगा।

सहकारी तंत्र को वरीयता, सोसायटियों के माध्यम से समयबद्ध पहुंचेगा खाद

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि किसानों के सबसे निकटतम और विश्वसनीय वितरण केंद्र के रूप में सहकारिता विभाग के तंत्र को प्राथमिकता पर रखा जाए तथा ग्राम सेवा सहकारी समितियां एवं क्रय विक्रय सहकारी समितियां को मांग के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में उर्वरक की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि रेलवे रैक प्वाइंट्स पर खाद की आवक होते ही स्थानीय नोडल अधिकारियों एवं राजफैड के माध्यम से सोसायटियों की मांग एवं उनके खाते में उपलब्ध राशि का पूर्व-आकलन कर प्राथमिकता के आधार पर आवंटन किया जाए, ताकि दूरदराज के काश्तकारों को गांव स्तर पर ही सुगमता से यूरिया व डीएपी मिल सके।

मुख्य सचिव ने सहकारिता विभाग की जिन समितियों में पीओएस मशीनों अथवा आईडी एक्टिवेशन संबंधी तकनीकी समस्या हैं, उन्हें कृषि विभाग एवं उर्वरक कंपनियों से समन्वय कर शीघ्र क्रियाशील कराने के निर्देश दिए, ताकि समितियों के माध्यम से पारदर्शी एवं निर्बाध वितरण व्यवस्था बनी रहे।

बैठक में सहकारिता विभाग के शासन सचिव समित शर्मा, वाणिज्यिक कर एवं इफको, कृभको, आईपीएल, सीएफसीएल, एनएफएल सहित प्रमुख उर्वरक निर्माता कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

TOP NEWS

राजस्थान में सूखे से निपटने की दिशा में ऐतिहासिक पहल, 110 करोड़ रुपए से बदलेगी मरुधरा की खेती की तस्वीर

सहकारिता सेवा के इस वरिष्ठ अधिकारी का VRS आवेदन स्वीकार

 

भजनलाल शर्मा सरकार की तीसरी वर्षगांठ पर 8 से 25 दिसंबर तक होंगे भव्य आयोजन, अमित शाह के कार्यक्रम की मेजबानी सहकारिता विभाग करेगा

डॉ. समित शर्मा ने सहकारिता विभाग में सिविल सेवा आचरण की कठोर सेंसरशिप लागू की

एसीबी ने उतारी, “मस्तराम” की खुमारी

सहकारी फसली ऋण को मध्यकालीन ऋण में परिवर्तित करने का निर्देश, सूखाग्रस्त तहसीलों के हजारों किसानों को मिलेगी राहत

सहकारी समिति में 1.07 करोड़ रुपए का गबन, निलंबित पैक्स व्यवस्थापक से राशि की वसूली के लिए पैतृक संपत्ति कुर्क की गई

सहकारी बैंकों में अब सीनियर सैकेंडरी पास कर्मचारी का भी प्रमोशन हो सकेगा

64 नए सहकारी निरीक्षकों का पदस्थापन

सहकारी बैंक में सीधी भर्ती के नियम जारी, संविदा कार्मिकों को मिलेंगे बोनस अंक

भजनलाल सरकार ने इस अंदाज में दी सहकारी बैंकों को दीपावली की शुभकामनाएं

ब्याज मुक्त फसली ऋण योजना : सहकारी बैंकों को 15.51 करोड़ रुपए का ब्याज अनुदान जारी, आधी राशि ग्राम सेवा सहकारी समितियां को मिलेगी

 

मासिक केपीआई मूल्यांकन का उद्देश्य विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व, समयबद्धता एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करना – डॉ. समित शर्मा

शासन सचिव डॉ. समित शर्मा ने किया कॉनफैड के ‘दीपोत्सव मेला-2026’ का शुभारम्भ

 

 

 

 

 

 

error: Content is protected !!