सहकारी समिति में 1.07 करोड़ रुपए का गबन, निलंबित पैक्स व्यवस्थापक से राशि की वसूली के लिए पैतृक संपत्ति कुर्क की गई
श्रीगंगानगर, 11 नवम्बर (मुखपत्र)। न्यायालय उप रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां, श्रीगंगानगर द्वारा वित्तीय अनियमितताओं और गबन के मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। गंगानगर केंद्रीय सहकारी बैंक की नेतेवाला शाखा के अधीन डूंगरसिंहपुरा ग्राम सेवा सहकारी समिति लिमिटेड के निलंबित व्यवस्थापक विनोद कुमार द्वारा किए गए 1 करोड़ 7 लाख 92 हजार 351 रुपए के गबन के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। न्यायालय उप रजिस्ट्रार, श्रीगंगानगर द्वारा राजस्थान सहकारी सोसायटी अधिनियम 2001 की धारा 101 के अंतर्गत आरोपी निलंबित व्यवस्थापक की पैतृक अचल संपत्ति को कुर्क करने की उद्घोषणा जारी कर दी गई है।
क्या है पूरा मामला?
कार्यालय रिकॉर्ड के अनुसार, डूंगरसिंहपुरा पैक्स में जांच के दौरान तत्कालीन व्यवस्थापक विनोद कुमार को वित्तीय अनियमितता और गबन का दोषी पाया गया था। इस संबंध में दी गंगानगर केन्द्रीय सहकारी बैंक लि. श्रीगंगानगर के प्रबंध निदेशक द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव और दस्तावेजों के आधार पर राजस्थान सहकारी सोसाइटी अधिनियम की धारा 57 के तहत वसूली की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। राशि की रिकवरी सुनिश्चित करने के लिए प्रबंध निदेशक के निवेदन पर आरोपी के पिता सोहन लाल की पैतृक अचल संपत्ति को ‘अटैचमेंट बिफोर अवार्ड’ के तहत कुर्क किया गया है।
कुर्क की गई संपत्ति का विवरण
सम्पत्ति धारक का नाम : सोहनलाल पुत्र पूर्णराम।
स्थान : ग्राम पंचायत डूंगरसिंहपुरा, पंचायत समिति सादुलशहर, जिला श्रीगंगानगर (ग्राम डूंगरसिंहपुरा स्थित अहाता 057, साइज 1580.25 दरगज में से तीसरा हिस्सा)।
प्रशासनिक निर्देश : सहकारिता अधिनियम के तहत कुर्क की गई इस अचल संपत्ति को किसी भी प्रकार से क्रय, विक्रय, परिदान या अन्य रूप से हस्तांतरित करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। (Photo – Facebook)
Also Read……….
सहकारी बैंकों में अब सीनियर सैकेंडरी पास कर्मचारी का भी प्रमोशन हो सकेगा
सहकारी बैंक में सीधी भर्ती के नियम जारी, संविदा कार्मिकों को मिलेंगे बोनस अंक
भजनलाल सरकार ने इस अंदाज में दी सहकारी बैंकों को दीपावली की शुभकामनाएं
शासन सचिव डॉ. समित शर्मा ने किया कॉनफैड के ‘दीपोत्सव मेला-2026’ का शुभारम्भ

