कहि-सुनी : मुखिया जी के ग्रह-नक्षत्र
गांवों की सरकार के गठन में, गांव की इकाई से जिले की इकाई तक (सहकारिता की भाषा में कहें तो पैक्स से अपेक्स तक) जिस तरह से सूपड़ा साफ हुआ है, उसने डूंगला नरेश को अंदर तक हिला दिया है। सिरे की नाकामी के ये झटके भुज में आए ‘भूकम्प’ से भी अधिक महसूस किये जा रहे हैं। ऐसा लगता है कि बस एक आखिरी झटका लगना बाकी है। अपने ही इलाके में किसी ने घास नहीं डाली। स्वयं के क्षेत्र में ही लोगों की आवाज इस नारे के साथ बुलंद है कि ‘इस गिरती हुई दीवार को, एक धक्का और दो।’ वैसे अब धक्का देने लायक कोई चुनाव बचा नहीं है, क्योंकि मुखिया जी तो शहरों की सरकार में भी खाली हाथ रहे। अब धक्का तो गुलाबी नगर वाले या दिल्ली वाले ही दे सकते हैं।
शहर की सरकार में मिली करारी शिकस्त के बाद की स्थिति पर, फिल्म ‘शोले’ की तर्ज पर सीन क्रिएट किया जाये, तो ‘पाल्टी’ कार्यालय में निश्चित तौर पर ये दृश्य होगा :-
प्रदेशाध्यक्ष – कितने आदमी थे?
मुखिया जी – हुजूर 12-12.
प्रदेशाध्यक्ष – हमेें शहर की सरकार बनाने के लिए कितने आदमी और चाहिए थे?
मुखिया जी – हुजूर केवल एक.
प्रदेशाध्यक्ष – केवल एक, और तुम वह भी नहीं जुटा सके। अरे जहां पर 40 में से हमारे केवल 2 जीते थे, वहां भी हमने अपनी सरकार बना ली और तुम एक भी नहीं जुटा सके। खाली हाथ आ गए। क्या सोच कर आए, सरदार खुस होगा, साबासी देगा। ‘पाल्टी’ का नाम मिट्टी में मिला के आई ग्ये साले…(सीन समाप्त)।
इन हालात में अल्लामा इकबाल का एक मशहूर शै’र याद आता है – ‘खुदी को कर बुलंद इतना कि हर तकदीर से पहले, खुदा बंदे से खुद पूछे, बता तेरी रजा क्या है?’ जिस प्रकार पहले शहरों की सरकार और अब गांव की सरकार के लिए हुए जनमत में, मुखिया जी को एक के बाद एक, घनघोर पराजय मिली है, उसे देखते हुए तो ये शै’र कुछ इस प्रकार पढ़ा जाना चाहिए कि ‘खुदी को कर बुलंद इतना कि हर चुनाव से पहले, मुखिया जी से ‘पाल्टी’ खुद पूछे, बता तेरा अगला निशाना कौन है?’
शर्मनाक पराजय का सिलसिला इतना लंबा चला कि गांव से लेकर गुलाबी नगरी तक, जमकर किरकिरी हुई, और शैतानसिंह प्रकरण के बाद बची-खुची इज्जत भी नीलाम हो गई। इतने बुरे दिन तो तब भी नहीं थे, जब विपक्ष में थे। परंतु क्या करें, विपक्ष में रहते हुए जो समर्पित लोग साथ हुआ करते थे, सत्ता में आते ही, उनके साथ किये हुए वादे निभाना तो दूर, उन्हें दुत्कार दिया गया। दूध से मक्खी की तरह निकाल दिये गये, वे लोग जिनके दम पर तीन साल पहले जय-जयकार हुई थी। चुनावों में लगातार ‘मुंह की खाने’ के बाद, बस इतनी ही इज्जत बची है, जितनी दिवाकर राही के इस शै’र में है – ‘अब तो इतनी भी मय्यसर नहीं मैखाने में, जितनी हम छोड़ दिया करते थे पैमाने में।’
बुरा हो कमबख्त तीन तारों वाले खाकीये ‘शैतान सिंह’ का, जब से मुखिया जी की कुंडली में कुंडली मार के बैठा है, तब से कुछ न कुछ बुरा ही हो रहा है। ज्योतिषीय नजर कहती है कि मुखिया जी के सब ग्रह-नक्षत्र-गोचर गडग़ड़ा गये हैं। ये हम इसलिये कह रहे हैं क्योंकि राजनीति मेंं शिकस्त के लिए कोई एक ग्रह अकेले जिम्मेदार नहीं होता, बल्कि पूरी कुंडली, दशा और गोचर को देखा जाता है। राजनीति और जनसमर्थन से जुड़े मामलों में शनि, राहु, सूर्य और चंद्रमा की कमजोर या प्रतिकूल स्थिति को हार के प्रमुख कारणों में माना जाता है। ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, मोटे तौर पर शनि को जनता और जनसमर्थन का कारक माना जाता है। चुनाव में जनता का साथ न मिलना या प्रतिकूल प्रभाव होना असफलता का बड़ा कारण माना जाता है।
मुखिया जी के नाम के अनुसार वे कुंभ राशि के जातक हैं, जिसके स्वामी शनि हैं। वर्तमान में शनि मीन राशि में वक्र गति से गतिमान हैं और मुखिया जी पर शनि की साढ़े साती का प्रकोप भी है। प्रदेशभर में गांवों की सरकार के लिए हुए जनमत में मिली अविस्मरीय, अपूर्व और अनापेक्षित पराजय के बाद से पूरी भजन मंडली के सुर-ताल बिगड़े हुए हैं। सांगानेर के तंबू -बंबू तो अकेले हनुमान ने ही उखाड़ दिये। जिनके आशीर्वाद से सांगानेर का ‘लाल’ सत्ता का सुख भोग रहा है, वे दिल्ली वाले भी राहु-केतू की भांति वक्रगति से गतिमान होने ही वाले हैं।
कान के कच्चे, चापलूस मंडली से घिरे मुखिया जी अपनी कटु वाणी और भ्रामक स्वभाव के कारण विभाग के माननीय अफसरों का समर्थन पहले ही खो चुके हैं, जिससे उनका चंद्रमा भी खराब लगता है, जो जनसम्पर्क का कारक है। यही कारण रहा कि, मुखिया जी के आसपास डोलने वाले कुछ कौवे, मोती खा रहे हैं और हंस रूपी जुझारू अफसर, विभाग में दाना-दुनका चुग रहे हैं।
जो हालात बन रहे हैं, उससे मुखिया जी पर राहु-केतु का भी उल्टा प्रभाव प्रतीत होता है। ये दोनों मायावी ग्रह हैं, जो भ्रम से उबरने नहीं देते। ऐसे व्यक्ति को चापलूस लोग ‘अमृत’ समान लगते हैं और सच्चे आलोचक ‘विष’ की भांति लगते हैं। उन्हें संत कबीर की वाणी ‘निंदक नियरे राखिए, आंगन कुटी छवाय, बिन पानी, साबुन बिना, निर्मल करे सुभाय।’ अच्छी नहीं लगती। गालिब का एक शै’र अर्ज है ‘उम्र भर गालिब यही भूल करता रहा, धूल चेहरे पर थी और आइना साफ करता रहा।’
यदि निकट भविष्य में, कुछ उल्टफेर हुआ तो मुखिया जी की राशि से शनि की साढ़े साती की विदाई से पहले, मुखिया जी की भजन मंडल से विदाई होना तय है। उतरता हुआ शनि, मुखिया जी के नाम के साथ हमेशा के लिए ‘पूर्व’ का तमगा चिपका सकता है।

