शुद्ध व पौष्टिक मसालों का पर्याय बन गया है राष्ट्रीय सहकार मसाला मेला
मसालों के साथ-साथ 170 स्टॉल्स पर 200 से अधिक खाद्य उत्पाद उपलब्ध
जयपुर, 21 अप्रेल (मुखपत्र)। देश में सहकारी क्षेत्र में आयोजित किया जाने वाला एक मात्र राष्ट्रीय सहकार मसाला मेला, इन दिनों राजस्थान की राजधानी जयपुर में परवान चढऩे लगा है। सहकारिता विभाग और राजस्थान राज्य सहकारी उपभोक्ता संघ (कॉनफेड) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह सहकार मसाला मेला केवल शुद्ध और पौष्टिक मसालों और दर्जनों प्रकार के अचार और शर्बत के लिए ही नहीं, वरन, महिला सहकारी समितियों और महिला स्वयं सहायता समूहों के अनेकों हस्तनिर्मित उत्पादों, वस्त्रों और मिलेट्स (श्रीअन्न) के मॉर्डन पकवानों के लिए भी जयपुरवासियों को लुभा रहा है।
नेहरू कला केंद्र के दक्षिण परिसर में आयोजित किये जा रहे इस दस दिवसीय राष्ट्रीय सहकार मसाला मेले में, केवल आमजन के साथ-साथ, बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी परिवार सहित खरीदारी करने पहुंच रहे हैं।
सोन हलवा, ब्यावर की तिलपपड़ी और मोरिंगा ज्यूस

मेले में अजमेर सहकारी भंडार की स्टॉल पर उपलब्ध अजमेर का प्रसिद्ध सोन हलवा और ब्यावर की तिलपपड़ी आपका मन ललचा देगी। भिखीलाल के खस, गुलाब, केसर आदि फ्लेवर के शर्बत, गुलकंद और कच्ची घाणी का मूंगफली तेल भी खूब पंसद किया जा रहा है। पास ही, गंगानगर सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार की स्टॉल पर श्रीगंगानगर का सुप्रसिद्ध राज जीरा एवं लेमन, गणपति का रोजवाटर और सेहत के लिये मोरिंगा (सहजन) का पाउडर और ज्यूस भी बिक्री के लिए उपलब्ध कराया गया है।
मल्टीग्रेन कूकीज, डोसा खाखरा

नव्या स्वयं हेल्प ग्रुप की स्टॉल पर श्रीअन्न के बने दर्जनों पौष्टिक एवं स्वादिष्ट उत्पाद उपलब्ध हैं, जिनमें मल्टीग्रेन कूकीज, मल्टीग्रेन चिप्स, मल्टीग्रेन सेवईयां, मिक्स वेज चिप्स, डोसा खाखरा, ब्राउकी कूकीज, साबूदाना चिप्स, रोस्टेड मट्टी (मठरी) को विशेष रूप से पसंद किया जा रहा है। संचालक रक्षिता के अनुसार, कूकीज में मीठे के लिए मिश्री का उपयोग किया गया है।
कॉनफेड और केरल की स्टॉल पर कतारबद्ध खरीदारी
हमेशा की भांति, कॉनफेड की स्टॉल्स पर शुद्ध, ताजा एवं पैकेज्ड मसाले खरीदारी के लिए और केरल की स्टॉल पर शुद्ध इलायची, लौंग और वर्जिन कोकोनेट ऑयल की खरीदारी करने वालों की कतार लगी रहती है।
मेले में राजस्थान, केरल, पंजाब, बिहार सहित अन्य राज्यों के दो सौ से अधिक उत्पादों में से अपनी पसंद और जरूरत के उत्पाद खरीदने के लिए प्रात: 10 बजे ही लोगों का आगमन आरंभ हो जाता है, जो देर रात 9.30 बजे तक जारी रहता है। मेला स्थल पर फूडकोर्ट, सरस की आईसक्रीम, लस्सी, छाछ व श्रीखंड भी उपलब्ध हैं। आगंतुकों के लिए शीतल पेयजल, पार्किंग और प्रवेश की व्यवस्था नि:शुल्क है। मनोरंजन के लिए सायंकाल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। न्यनूतम दो हजार रुपये की खरीदारी पर दैनिक लक्की ड्रा निकाल कर, मौके पर ही पुरस्कार दिये जाते हैं। कॉनफैड की ओर से न्यूनतम पांच हजार की खरीदारी पर मेगा ड्रा में भी भाग्य आजमाने का अवसर प्रदान किया है। मेगा ड्रा मेले के समापन दिवस पर 26 अप्रेल 2026 को निकाला जायेगा।
Related News
TOP NEWS
सहकारी बैंकों के किसान 15 मई तक खरीफ फसली ऋण का चुकारा कर सकेंगे, अपेक्स बैंक ने जारी किया आदेश
प्रधानमंत्री पुरस्कार से सम्मानित IAS डॉ. समित शर्मा अब सहकारिता के खेवनहार
खरीफ ऋण वसूली की अंतिम तिथि बढाने को वित्त विभाग ने दी मंजूरी
सीएम-ओटीएस में रिकार्ड वसूली, लॉन्गटर्म सैक्टर को मिलेगी आर्थिक संजीवनी
सहकार में नवाचार : झुंझुनूं में राजस्थान के पहले ‘मिलेट को-ऑप कैफे’ का शुभारंभ

