सहकारिता

पांच चरण में होंगे सहकारिता चुनाव, संचालक मंडल के 12 में से 5 पद महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे

पटना, 26 सितम्बर। बिहार में सहकारिता चुनाव का बिगुल बज गया है। राज्य के 6800 पैक्स में पांच चरण में चुनाव होंगे। मतदाता सूची तैयार होने के बाद दशहरा बाद सहकारी चुनाव कार्यक्रम जारी होंगे। नवंबर में मतदान होंगे। बिहार राज्य चुनाव प्राधिकरण की ओर से बुधवार को एक होटल में चुनाव की तैयारी के लिए आयोजित समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी गयी। बैठक में सहकारिता विभाग के अधिकारी, राज्य के सभी जिलों के उपविकास आयुक्तऔर डीसीओ मौजूद रहे। बैठक में बताया कि 30 सितंबर तक सदस्य/सह सदस्य बनने वाले ही पैक्स निर्वाचन में अभ्यर्थी या मतदाता हो सकते हैं। दशहरा बाद नवंबर माह में मतदान शुरू होंगे।

अधिकतम 5 चरण में मतदान

प्राधिकार के मुख्य चुनाव पदाधिकारी गिरीश शंकर ने बताया कि चरणवार मतदान और चरणवार ही मतगणना तथा निर्वाचन परिणाम घोषित होंगे। मतदान का समय सुबह 7 से अपराह्न 4.30 तक होगा। मतदान के दिन ही प्रखंड मुख्यालय में मतगणना होनी है। विशेष स्थिति में ही मतगणना अगले दिन होगी। डीएम जिला निर्वाचन पदाधिकारी होंगे। डीडीसी निर्वाचन के लिए नोडल अधिकारी होंगे। बीडीओ निर्वाचन पदाधिकारी घोषित किए गए हैं। 6400 पैक्सों के प्रस्ताव आए हैं। 30 सितम्बर तक 400 और निर्वाचन प्रस्ताव प्राप्त होने की संभावना है।

महिलाओं के लिए 5 पद आरक्षित होंगे

पैक्स चुनाव में कुल 12 पदों पर निवार्चन होगा। बारह में से अध्यक्ष का पद अनारक्षित होगा। शेष 11 में से दो पद अनुसूचित जाति/जनजाति, दो पद ओबीसी, और दो पद ईबीसी के लिए आरक्षित होंगे। शेष 5 पद सामान्य श्रेणी के होंगे, जिसमें किसी भी जाति के द्वारा नामांकन किया जा सकता है। मतपत्र पांच अलग-अलग रंग के होंगे ताकि मतगणना में आसानी हो। छह आरक्षित जाति के पदों में से एक-एक पद (कुल 3) और सामान्य श्रेणी के 5 में से 2 पद महिला के लिए आरक्षित होंगे। यानी महिलाओं के लिए कुल पांच पद आरक्षित होंगे।

 

error: Content is protected !!