राज्य

सहकारिता के इन्द्रधनुषी रंगों से सराबोर होगा ग्रामीण हाट, 31 अक्टूबर से संभाग स्तरीय सहकार मेला आयोजित होगा

AI Image

बीकानेर, 27 अक्टूबर (मुखपत्र)। सहकारिता को बढ़ावा देने, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने तथा सहकारी संस्थाओं और महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 31 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक ग्रामीण हाट में संभाग स्तरीय सहकार सहकार मेला आयोजित किया जाएगा। मेले की तैयारी को लेकर मंगलवार को सहकार भवन में अतिरिक्त रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां, बीकानेर खंड संजय गर्ग की अध्यक्षता में विभिन्न समितियों के प्रभारी अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मेले की व्यवस्थाओं, प्रबंधन, आगंतुकों की सुविधा तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारी पर विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को मेले से जुड़ी व्यवस्था के समुचित संचालन एवं आपसी समन्वय के संबंध में विचार-विमर्श किया गया, ताकि मेले में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जा सकें।

श्री गर्ग ने बताया कि मेले में बीकानेर सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार लिमिटेड, क्रय-विक्रय सहकारी समितियां, महिला स्वयं सहायता समूह, प्राथमिक भंडार तथा अन्य सहकारी संस्थाओं द्वारा अपने विशिष्ट उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जाएगा। मेले में कृषि एवं खाद्य उत्पाद, स्थानीय एवं प्रसंस्कृत उत्पाद, हस्तशिल्प एवं घरेलू उपयोग की सामग्री, महिला एवं स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद तथा अन्य सहकारी उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। इससे स्थानीय उत्पादकों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं विपणन के लिए मंच उपलब्ध होगा तथा आमजन को विविध उत्पादों की खरीदारी का अवसर मिलेगा।

प्रवेश नि:शुल्क, क्रेताओं को मिलेंगे गिफ्ट हैम्पर

उन्होंने बताया कि मेले का समय प्रतिदिन प्रात: 11 बजे से रात्रि 9 बजे तक रहेगा। प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। प्रतिदिन खरीदारी करने वाले चयनित विजेताओं को कूपन दिए जाएंगे, जिसमें लॉटरी के माध्यम से आकर्षक गिफ्ट हैम्पर प्रदान किए जाएंगे। ‘सशक्त सहकार, समृद्ध समाज’ की भावना के अनुरूप आयोजित यह सहकार मेला सहकारी संस्थाओं को प्रोत्साहित करने, स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने तथा सहकारिता के माध्यम से आत्मनिर्भरता और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

ये अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में तकनीकी सहायक कपिला चोयल, बीकानेर केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक रणवीर सिंह, उप रजिस्ट्रार प्रियंका जांगीड़, क्षेत्रीय अंकेक्षण अधिकारी राजेंद्र सिंह, प्राथमिक भूमि विकास बैंक के सचिव वासुदेव सिंह, केंद्रीय सहकारी बैंक के अधिशासी अधिकारी धर्मेंद्र रेप्सवाल एवं प्रबंधक सत्येंद्र बिश्नोई, उरमूल डेयरी के उप रजिस्ट्रार शिशुपाल सिंह, बीकानेर-कोलायत क्रय-विक्रय सहकारी समिति के मुख्य कार्यकारी रोहित कस्वां सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

error: Content is protected !!