राष्ट्रपति ने लोकपाल अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति की
नई दिल्ली, 27 फरवरी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा लोकपाल की नियुक्ति का आदेश जारी करते हुए लोकपाल अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति कर दी गयी है।
राष्ट्रपति भवन की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट जज (सेवानिवृत्त) न्यायमूर्ति अजय माणिकराव खानविलकर को लोकपाल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है जबकि न्यायमूर्ति लिंगप्पा नारायण स्वामी, न्यायमूर्ति संजय यादव और न्यायमूर्ति ऋतु राज अवस्थी को न्यायिक सदस्य नियुक्त किया गया है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार , उपरोक्त के अलावा, तीन अन्य सदस्यों की नियुक्ति की गयी है। इनमें सुशील चन्द्र, पंकज कुमार और अजय तिर्की शामिल हैं। राष्ट्रपति के अनुसार, उपरोक्त नियुक्तियाँ उनके द्वारा संबंधित कार्यालयों के कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होंगी।
कौन हैं जस्टिस खानविलकर
जस्टिस खानविलकर की अप्रैल 2002 में बॉम्बे उच्च न्यायालय में स्थायी न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति की गई थी। उन्होंने कुछ समय के लिए हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्य किया। नवंबर 2013 में वह मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में रहे। मई 2016 में सुप्रीम कोर्ट में उनकी नियुक्ति हुई, जहां जुलाई 2022 में उनकी सेवानिवृत्ति तक छह साल का कार्यकाल उन्होंने पूरा किया। जस्टिस खानविलकर उस पांच जजों वाली बेंच का हिस्सा थे, जिसने कॉमन कॉज बनाम यूनियन ऑफ इंडिया (2018) मामले में माना था कि गरिमा के साथ मृत्यु का अधिकार अनुच्छेद 21 के तहत एक मौलिक अधिकार है। एक लाइलाज बीमारी के मामल में उन्होंने मरीज को चिकित्सा उपचार से इनकार करने की अनुमति दी थी।