राज्यसहकारिता

सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार के चुनाव की घोषणा, निर्वाचन कार्यक्रम जारी

जयपुर, 19 जनवरी (मुखपत्र)। राजस्थान राज्य सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण द्वारा गंगानगर सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार लिमिटेड, श्रीगंगानगर में नई समिति के गठन के लिए निर्वाचन कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। प्राथमिक सहकारी भूमि विकास बैंक लि. श्रीगंगानगर की सचिव, प्रियंका जांगिड़ (उप रजिस्ट्रार) को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, गंगानगर सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार लिमिटेड के चुनाव दो चरण में होंगे। प्रथम चरण में भंडार के व्यक्तिगत उपभोक्ता सदस्यों के प्रतिनिधि साधारण निकाय (डेलिगेट बॉडी) का निर्वाचन होगा, जिसकी निर्वाचन प्रक्रिया 27 जनवरी 2023 से आरम्भ होगी।

गंगानगर सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार में लम्बे समय से कांग्रेस नेता शिवदयाल गुप्ता गुट का वर्चस्व रहा है। अगले चुनाव में भी वे अध्यक्ष पद के तगड़े दावेदार हैं।

ऐसे चुने जाते हैं संचालक मंडल के सदस्य

होलसेल भंडार के 12 सदस्यीय संचालक मंडल में डेलिगेट बॉडी यानी व्यक्तिगत सदस्यों से चुनकर आने वाली प्रतिनिधि साधारण निकाय से संचालक मंडल के लिए 6 सदस्य चुनकर आएंगे। शेष 6 सदस्यों में से, तीन सदस्य ग्राम सेवा सहकारी समिति और प्राथमिक महिला सहकारी समिति से चुनकर आते हैं, जबकि तीन अन्य सदस्य, भंडार के सदस्य प्राथमिक भंडारों से चुने जाते हैं।

डेलिगेट बॉडी के चुनाव के लिए प्रत्येक 100 सदस्यों पर एक वार्ड बनाए जाने का प्रावधान है। को-ऑपरेटिव रूल्स के अनुसार, सहकारी उपभोक्ता भंडार में न्यूनतम 30 वार्डों का गठन किया जाना अनिवार्य है, अधिकतम 300 वार्ड बनाये जा सकते हैं। बाद में, इन्हीं सदस्यों में से संचालक मंडल के लिए 6 सदस्यों का चुनाव किया जाता है।

 

डेलिगेट बॉडी का चुनाव कार्यक्रम

– 27 फरवरी को निर्वाचन का नोटिस जारी किया जायेगा और इसी दिन वार्डवाइज प्रस्तावित मतदाता सूची का प्रकाशन किया जायेगा।

– 2 फरवरी को मतदाता सूची पर आक्षेपों की सुनवाई कर, अन्तिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जायेगा।

– 4 फरवरी को नामांकन पत्र दाखिल किये जा सकेंगे। इसी दिन नामांकन पत्रों की जांच कर वैध नामांकन पत्रों की सूची का प्रकाशन किया जायेगा।

– 5 फरवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नामांकन पत्र वापिस लिये जा सकेंगे, तदोपरांत चुनाव में भाग लेने वाले उम्मीदवारों की सूची का प्रकाशन किया जायेगा।

– मतदान 10 फरवरी को सुबह 9 बजे से सायं 5 बजे तक मतदान होगा।

– अगले दिन यानी 11 फरवरी को मतगणना होगी एवं चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा।

भंडार के संचालक मंडल का चुनाव कार्यक्रम

– 13 फरवरी 2023 को निर्वाचन का नोटिस जारी होगा एवं प्रस्तावित मतदाता सूची का प्रकाशन किया जायेगा।

– 13 फरवरी से 19 फरवरी दोपहर 1 बजे तक प्रस्तावित मतदाता सूची पर आक्षेप प्राप्त किये जाएंगे। उसके पश्चात आक्षेपों पर सुनवाई कर, अन्तिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जायेगा।

– 23 फरवरी को नामांकन पत्र दाखिल किये जा सकेंगे। इसी दिन नामांकन पत्रों की जांच कर वैध नामांकन पत्रों की सूची का प्रकाशन किया जायेगा।

– 24 फरवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नामांकन पत्र वापिस लिये जा सकेंगे, तदोपरांत चुनाव में भाग लेने वाले उम्मीदवारों की सूची का प्रकाशन किया जायेगा।

– 27 फरवरी को सुबह 9 बजे से सायं 4 बजे तक मतदान होगा। सायं 5 बजे मतगणना प्रारम्भ कर, चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा।

– 28 फरवरी को पदाधिकारियों का चुनाव होगा।

error: Content is protected !!