दो कम्पनियों का ब्रांडेड घी और दो कम्पनियों के सॉस जांच में मिले अनसेफ, किराणा, मिठाइयां, मिल्ककेक और मावा भी सब-स्टेंडर्ड मिला
– कृष्णा ट्रेडिंग कम्पनी, आरके एंटरप्राइजेज और अशोका किरयाना स्टोर के नमूने फेल
– श्री कृष्णा फूड्स, बालाजी मिष्ठान, स्वामी मिष्ठान और चौधरी मावा भंडार के खाद्य उत्पाद भी सब-स्टैंडर्ड
हनुमानगढ़, 13 नवंबर (मुखपत्र)। दीपावली पर बाजार में खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान में कई खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर गंभीर खामियां सामने आई हैं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से संग्रहित खाद्य पदार्थों के नमूनों की जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट में घी, टोमेटो सॉस, रेड चिल्ली सॉस, मावा एवं मिल्क केक सहित कई खाद्य उत्पाद निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं। प्राप्त रिपोर्ट में कुछ नमूने अनसेफ (असुरक्षित) तथा कुछ सबस्टैंडर्ड (अवमानक) पाए गए हैं। विभाग की ओर से संबंधित खाद्य प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव के आदेशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशन में दीपावली त्योहार अभियान के तहत जिलेभर में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों द्वारा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए थे। इन नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भिजवाया गया था। इसी क्रम में प्रयोगशाला से अब तक 35 खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। जांच रिपोर्ट में कई खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा को लेकर गंभीर कमियां उजागर हुई हैं।
संगरिया में घी और दोनों सॉस के नमूने अनसेफ
डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार संगरिया के गांधी चौक पर संचालित मैसर्स कृष्णा ट्रेडिंग कम्पनी से संग्रहित प्रवेश ब्रांड का घी जांच में अनसेफ पाया गया है। इसी प्रकार मैसर्स आरके एंटरप्राइजेज से लिए गए फूड ट्रीट ब्रांड के टोमेटो सॉस एवं चार्ली ब्रांड के रेड चिल्ली सॉस के नमूने भी जांच में अनसेफ मिले हैं। इसी प्रकार, तलवाड़ा झील के वार्ड नंबर 3 में संचालित मैसर्स अशोका किरयाना स्टोर से संग्रहित भूमि ब्रांड के घी का नमूना भी प्रयोगशाला जांच में अनसेफ पाया गया है।
वहीं, रावतसर में संचालित मैसर्स श्री कृष्णा फूड्स कम्पनी से संग्रहित खाद्य नमूना सबस्टैंडर्ड मिला है। संगरिया के क्रांति चौक स्थित मैसर्स बालाजी मिष्ठान भंडार से संग्रहित मावा (मावा मिठाई) का नमूना जांच में सबस्टैंडर्ड पाया गया है। इसी तरह नोहर में संचालित मैसर्स स्वामी मिष्ठान भंडार से लिए गए मिल्क केक के नमूने की जांच रिपोर्ट भी सबस्टैंडर्ड आई है। इसके अतिरिक्त हनुमानगढ़ जंक्शन में बस स्टैंड के नजदीक संचालित मैसर्स चौधरी मावा भंडार से संग्रहित मावा का नमूना भी निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरा और जांच में सबस्टैंडर्ड पाया गया है।
रिपोर्ट के आधार पर होगी नियमानुसार कार्रवाई
खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद विभाग की ओर से संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार अग्रिम विभागीय कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा दीपावली अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, नमूना संग्रहण एवं जांच की प्रक्रिया जारी रखी जा रही है, ताकि बाजार में मिलावटी, अवमानक एवं असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य त्योहार के दौरान आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना है। इसके लिए खाद्य सुरक्षा टीमों द्वारा बाजारों में निगरानी रखी जा रही है तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। (Photo – Social Media)

