सहकारिता विभाग में सेवानिवृत्ति की रैली, दो माह में 12 अधिकारी रिटायर्ड होंगे
जयपुर, 28 जून (मुखपत्र)। मानसिक दबाव के कारण राजस्थान राज्य सहकारिता सेवा को समयपूर्व छोडक़र जाने वाले सहकारी अधिकारियों की होड़ के बीच, आगामी 32 दिन में सहकारिता विभाग में कोऑपरेटिव ऑफिसर्स की सेवानिवृत्ति का रैला आने वाला है। ये वो अधिकारी हैं, जो अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर घर लौटने वाले हैं। जून और जुलाई के महीनों में 12 सहकारी अधिकारी सेवानिवृत्ति होंगे। इनमें 11 अधिकारी अपनी अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सहकारिता सेवा को अलविदा कह जायेंगे। जबकि एक अधिकारी की वीआरएस (VRS) स्वीकृत हो चुकी है। अधिकारियों की कमी से जूझ रहे सहकारिता विभाग के लिए ये समय चुनौतीपूर्ण साबित होने वाला है।
राजस्थान सरकार की ओर से जारी आदेशानुसार, जून 2026 में एडिशनल रजिस्ट्रार अनिलकुमार काबरा (सचिव, भीलवाड़ा सहकारी भूमि विकास बैंक लि.), ज्वाइंट रजिस्ट्रार पंकजभानूसिंह गोगावत (विशेषाधिकारी, सहकारिता मंत्री), उप रजिस्ट्रार कृष्णकुमार मीणा (निलम्बित), उप रजिस्ट्रार अमीलाल सहारण (डीआर, हनुमानगढ़), उप रजिस्ट्रार गोविंदप्रसाद लड्ढा (डीआर, कोटा) और उप रजिस्ट्रार नरेश शुक्ला (प्रबंध निदेशक, भरतपुर सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक लि.) की सेवानिवृत्ति है।
जुलाई में सेवानिवृत्ति
जुलाई, 2026 में एडिशनल रजिस्ट्रार दिनेशकुमार शर्मा (प्रबंध निदेशक, जयपुर सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक लि.), एडिशनल रजिस्ट्रार राधेश्याम चौहान (ज्वाइंट सीए डेयरी, प्रधान कार्यालय), ज्वाइंट रजिस्ट्रार छोटेलाल बुनकर (प्रबंध निदेशक, टोंक सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक लि.), सहायक रजिस्ट्रार विनोदकुमार रायला (एआर, सीकर डेयरी) और सहायक रजिस्ट्रार रूपसिंह चारण (एआर, बालोतरा) शामिल हैं। इनके अलावा उपरजिस्ट्रार दीर्घायु पराशर (डीआर, मार्केटिंग, प्रधान कार्यालय) की वीआरएस स्वीकृत हो चुकी है। वे भी जुलाई में सहकारिता सेवा को बाय-बाय कर जायेंगे।
2026-27 में 19 अधिकारियों की सेवानिवृत्ति
वित्त वर्ष 2026-27 में, 60 वर्ष आयु पूर्ण होने के उपरांत सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों की संख्या 19 है। हालांकि, अभी कुछ सहकारी अधिकारियों के वीआरएस लेने की संभावना को देखते हुए इस संख्या में बढोतरी की संभावना है।
इनकी भी सेवानिवृत्ति इसी वित्त वर्ष में होनी है
सीनियर एडिशनल रजिस्ट्रार संजय पाठक अगस्त 2026 में, ज्वाइंट रजिस्ट्रार विभा खेतान व उप रजिस्ट्रार जयदेव देवल दिसम्बर 2026 में, एडिशनल रजिस्ट्रार ओमप्रकाश जैन, उप रजिस्ट्रार दिलीप पारीक, सहायक रजिस्ट्रार किशोरीलाल मेवाड़ा और सहायक रजिस्ट्रार जगदीशप्रसाद मुकेरिया जनवरी 2027 में सेवानिवृत्त होंगे।

