सहकारिता

सहकारी ऋण योजनाओं से आमजन को लाभान्वित करने के लिए सहकारिता विभाग की अभिनव पहल

जयपुर, 13 अगस्त (मुखपत्र)। राजस्थान सरकार, सहकारिता विभाग और सहकारी बैंकों की विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आमजन को होने वाली परेशानी ने छुटकारा दिलाने के लिए सहकारी विभाग द्वारा अभिनव पहल करते हुए कॉल सेंटर की स्थापना की गई है। सहकारिता राज्यमंत्री गौतमकुमार दक ने गुरुवार को राजस्थान राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड (APEX BANK) के प्रधान कार्यालय में कॉल सेंटर का उद्घाटन किया। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) एवं नाबार्ड (NABARD) द्वारा सभी सहकारी बैंकों से यह अपेक्षा की गयी है कि वह ग्राहकों की शिकायतों के निवारण हेतु एक टोल फ्री इनकमिंग दूरभाष के माध्यम से एक कॉल सेंटर स्थापित करें।

दक ने बताया कि किसानों, पशुपालकों के साथ-साथ आमजन द्वारा राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, यथा – राजस्थान सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना, ब्याजमुक्त अल्पकालीन सहकारी फसली ऋण योजना, राज सहकार व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना में आ रही कठिनाइयों के निवारण एवं ऋण योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए कॉल सेंटर की मदद ली जा सकती है।

शासन सचिव एवं अपेक्स बैंक के प्रशासक, डॉ. समित शर्मा ने बताया कि सहकारिता विभाग एवं समस्त सहकारी संस्थाओं को पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के लिए विभाग द्वारा कॉल सेंटर के माध्यम से विभाग की समस्त ऋण योजनाओं की पूर्ण जानकारी प्राप्त हो सकेगी एवं ऋण योजनाओं का लाभ उठाने में आ रही कठिनाईयों का निवारण किया जा सकेगा। इस पहल से सहकारिता विभाग का कृषकों एवं पशुपालकों के बीच विभिन्न ऋण योजनाओं के संबंध में संवाद स्थापित किया जा सकेगा।

इस अवसर पर अपेक्स बैंक के प्रबंध निदेशक रणजीतसिंह चूंडावत, अतिरिक्त रजिस्ट्रार (बैंकिंग) बलविन्दर सिंह गिल, जयपुर सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के प्रबंध निदेशक ओमप्रकाश जैन एवं बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में पारदर्शिता के लिए नए दिशा-निर्देश जारी

 

 

error: Content is protected !!