मुखपत्र

एसीबी ने उतारी, “मस्तराम” की खुमारी

  • सहकारी उपभोक्ता होलसेल भण्डार का महाप्रबंधक मस्तराम 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

जयपुर, 13 नवम्बर (मुखपत्र)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी झालावाड़ द्वारा शुक्रवार को झालावाड़ सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार के महाप्रबंधक मस्तराम मीणा को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। मस्तराम, कार्यालय विशेष लेखा परीक्षक, सहकारी समितियां, झालावाड़ में निरीक्षक पद पर कार्यरत है और उसके पास, महाप्रबंधक, भंडार के पद का अतिरिक्त कार्यभार है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी झालावाड़ पर 12 नवम्बर 2026 को परिवादी द्वारा शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी फर्म गुरुकृपा मेडीकोज, झालरापाटन द्वारा झालावाड़ सहकारी उपभोक्ता भण्डार में दवाईयों की सप्लाई की गई थी, जिसके लगभग 15.32 लाख रुपए बकाया थे। उक्त बकाया भुगतान में से 9.19 लाख रुपये के चेक पर हस्ताक्षर करने की एवज में महाप्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे सहकारी निरीक्षक मस्तराम मीणा द्वारा रिश्वत राशि की मांग की जा रही थी।

शिकायत मिलने पर रिश्वत की मांग का गोपनीय सत्यापन करवाया गया। सत्यापन के दौरान महाप्रबंधक द्वारा परिवादी से बकाया भुगतान की राशि के 10 प्रतिशत के हिसाब से रिश्वत राशि की मांग करना सत्यापित हुआ। बातचीत के दौरान आरोपी द्वारा 5 लाख रुपये के चेक पर हस्ताक्षर करने के साथ ही शेष 4.19 लाख रुपये का चेक एक-दो दिन में जारी करने का आश्वासन दिया गया। आरोपी द्वारा रिश्वत राशि की मांग के अनुरूप परिवादी से 25,000 रुपये अगले दिन देने तथा शेष राशि चेक पास होने के बाद देने पर सहमति व्यक्त की गई। रिश्वत मांग सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा 5 लाख रुपये के चेक पर हस्ताक्षर कर संबंधित बैंक के नाम पत्र सहित परिवादी को सौंप दिया गया।

रंगे हाथों गिरफ्तार किया

आज शुक्रवार को परिवादी द्वारा 15,000 रुपये की रिश्वत राशि की व्यवस्था किए जाने पर एसीबी द्वारा ट्रैप कार्यवाही आयोजित की गई। एसीबी कोटा रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में एसीबी चौकी झालावाड़ के पुलिस निरीक्षक साजिद खान के नेतृत्व में टीम द्वारा आरोपी मस्तराम मीणा को परिवादी से 15,000 रुपये की रिश्वत राशि प्राप्त करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

आरोपी से पूछताछ जारी

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस श्रीमती एस. परिमाला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

हेल्पलाइन पर शिकायत करें

ACB महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने समस्त प्रदेशवासियों से अपील की है कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की हैल्पलाईन नम्बर 1064 एवं WhatsApp हैल्पलाईन नम्बर 94135-02834 पर 24×7 सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी मदद करेगी।

 

Also Read……….

सहकारी फसली ऋण को मध्यकालीन ऋण में परिवर्तित करने का निर्देश, सूखाग्रस्त तहसीलों के हजारों किसानों को मिलेगी राहत

सहकारी समिति में 1.07 करोड़ रुपए का गबन, निलंबित पैक्स व्यवस्थापक से राशि की वसूली के लिए पैतृक संपत्ति कुर्क की गई

सहकारी बैंकों में अब सीनियर सैकेंडरी पास कर्मचारी का भी प्रमोशन हो सकेगा

64 नए सहकारी निरीक्षकों का पदस्थापन

सहकारी बैंक में सीधी भर्ती के नियम जारी, संविदा कार्मिकों को मिलेंगे बोनस अंक

भजनलाल सरकार ने इस अंदाज में दी सहकारी बैंकों को दीपावली की शुभकामनाएं

ब्याज मुक्त फसली ऋण योजना : सहकारी बैंकों को 15.51 करोड़ रुपए का ब्याज अनुदान जारी, आधी राशि ग्राम सेवा सहकारी समितियां को मिलेगी

 

मासिक केपीआई मूल्यांकन का उद्देश्य विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व, समयबद्धता एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करना – डॉ. समित शर्मा

शासन सचिव डॉ. समित शर्मा ने किया कॉनफैड के ‘दीपोत्सव मेला-2026’ का शुभारम्भ

 

 

 

error: Content is protected !!