सहकारी फसली ऋण को मध्यकालीन ऋण में परिवर्तित करने का निर्देश, सूखाग्रस्त तहसीलों के हजारों किसानों को मिलेगी राहत
जयपुर, 13 नवंबर (मुखपत्र)। राजस्थान सरकार के सहकारिता विभाग ने राज्य के सूखे से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा जारी अधिसूचनाओं के तहत राज्य के 15 जिलों की 87 तहसीलों को सूखाग्रस्त/अभावग्रस्त घोषित किया गया है। इसके दृष्टिगत रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां डॉ. समित शर्मा ने इन जिलों के प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को संबल प्रदान करने के वास्ते अल्पकालीन फसली ऋण (शॉर्ट टर्म लोन) को मध्यकालीन ऋण (मिड टर्म लोन) में परिवर्तित करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
किसानों को मिलेगी राहत
एसटी लोन के एमटी में परिवर्तित सूखे से प्रभावित क्षेत्रों के किसानों द्वारा लिए गए अल्पकालीन फसली ऋण को मध्यकालीन ऋण में बदला जाएगा, जिससे उन्हें ऋण चुकाने के लिए पर्याप्त समय और राहत मिल सकेगी। राज्य में द्विफसली क्षेत्रों में प्रत्येक छह माह के अंतराल पर तथा एकफसली एरिया में साल में एक बार, नाबार्ड द्वारा निर्धारित तिथि के अनुरूप, लोन का एकमुक्त चुकारा किया जाना जरूरी है। मध्यकालीन ऋण में किसानों को यह सुविधा रहेगी कि वे थोड़े-थोड़े समय के अंतराल पर बैंकों को ऋण राशि का चुकारा कर सकते हैं।
नाबार्ड की नीति का अनुपालन
राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) की निर्धारित नीति के अनुसार, अल्पकालीन ऋण के मध्यकालीन ऋण में परिवर्तन के लिए आवश्यक अंशदान संबंधित संस्थाओं (सहकारी बैंक) द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा।
इन जिलों और तहसीलों पर लागू होगा आदेश
आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी विभिन्न अधिसूचनाओं (दिनांक 24.10.2026, 25.10.2026 और 08.11.2026 के आधार पर राज्य के 15 सूखाग्रस्त जिलों की कुल 87 तहसीलों के प्रभावित गांवों में यह व्यवस्था लागू की गई है। इन जिलों में बांसवाड़ा, बाड़मेर, बालोतरा, चूरू, डूंगरपुर, ब्यावर, जैसलमेर, जालोर, जोधपुर, फलोदी, नागौर, पाली, सिरोही, बीकानेर और राजसमंद शामिल हैं।
जिला एवं तहसीलें
बांसवाड़ा – गढ़ी, अर्थना, सज्जनगढ़, आनंदपुरी, कुशलगढ़
बाड़मेर – गडरारोड़, चौहटन, बाड़मेर, बायतू, सैड़वा, रामसर, शिव, धनाऊ, बाड़मेर (ग्रामीण), नौखड़ा
बालोतरा – गुड़ामालानी, कल्याणपुर, पचपदरा, गिड़ा, धौरीमन्ना, पाटौदी, समदड़ी, सिवाना, सिणधरी
चूरू -राजगढ़, सिद्धमुख
डूंगरपुर – आसपुर, गलियाकोट, झौथरीपाल, सागवाड़ा, सीमलवाड़ा, पालदेवल, ओबरी, चिखली
ब्यावर – रायपुर, जैतारण
जैसलमेर – फतेहगढ़, भणियाना, जैसलमेर, सम, रामगढ़, पोकरण, फलसुंड
जालोर – आहोर, चितलवाना, जसवंतपुरा, बागौड़ा, भीनमाल, रानीवाड़ा, सांचौर, सायला, भाद्राजून, जालोर
जोधपुर – औसियां, तिवरी, बालेसर, बावड़ी, शेरगढ़, शेखाला, कुड़ी भगतासनी, जोधपुर, झंवर, बिलाड़ा, लूणी, चामू, पीपाड़शहर
फलोदी – फलोदी, बाप, बापिणी, आऊ, घंटियाली, देंचू, लोहावट, सेतरावा
नागौर – खींवसर
पाली – सुमेरपुर, देसूरी, पाली, बाली, मारवाड़ जंक्शन, रानी, रोहट, सोजत
सिरोही -शिवगंज
बीकानेर -हदा
राजसमंद – सरदारगढ़
(Photo – Social Media)
Also Read……….
सहकारी बैंकों में अब सीनियर सैकेंडरी पास कर्मचारी का भी प्रमोशन हो सकेगा
सहकारी बैंक में सीधी भर्ती के नियम जारी, संविदा कार्मिकों को मिलेंगे बोनस अंक
भजनलाल सरकार ने इस अंदाज में दी सहकारी बैंकों को दीपावली की शुभकामनाएं
शासन सचिव डॉ. समित शर्मा ने किया कॉनफैड के ‘दीपोत्सव मेला-2026’ का शुभारम्भ

