सहकारी बैंक में सीधी भर्ती के नियम जारी, संविदा कार्मिकों को मिलेंगे बोनस अंक
जयपुर, 10 नवंबर (मुखपत्र)। सहकारिता विभाग द्वारा राजस्थान राज्य सहकारी भूमि विकास बैंक (RSLDB) में सीधी भर्ती के नियम जारी कर दिये हैं। भर्ती के नियमों में राज्य भूमि विकास बैंक में वर्षों से कार्यरत संविदा कार्मिकों को बोनस अंक दिये जाने का प्रावधान किया गया है। इसी के साथ राज्य सहकारी भूमि विकास बैंकों में विभिन्न संवर्ग के पदों पर सीधी भर्ती का मार्ग प्रशस्त हो गया है। आरएसएलडीबी में वर्ष 2007 के बाद से अब तक सीधी भर्ती नहीं हुई है।
रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां, राजस्थान डॉ. समित शर्मा द्वारा राजस्थान राज्य सहकारी भूमि विकास बैंक लिमिटेड, जयपुर में विभिन्न संवर्गों के पदों पर सीधी भर्ती के लिए नए एवं संशोधित सेवा नियम जारी कर दिए गए हैं। इसके तहत बैंक में वरिष्ठ प्रबंधक, प्रबंधक और बैंकिंग सहायक के पदों पर भर्ती की प्रक्रिया तय की गई है।
प्रमुख पदों के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता
नये नियमों के अनुसार विभिन्न पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता होना अनिवार्य किया गया है। वरिष्ठ प्रबंधक पद के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से एमबीए की डिग्री या 2 साल का स्नातकोत्तर बिजनेस मैनेजमेंट डिप्लोमा के साथ स्नातक की डिग्री होना अनिवार्य है। प्रबंधक पद के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री के साथ अनिवार्य कंप्यूटर ज्ञान होना अनिवार्य है। बैंकिंग सहायक पद के लिए किसी भी विषय में स्नातक डिग्री तथा अनिवार्य कंप्यूटर ज्ञान होना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को डिग्री की वैधता को लेकर शपथ पत्र भी देना होगा।
आयु सीमा और विशेष छूट के प्रावधान आयु सीमा
सीधी भर्ती के लिए आवेदक की आयु आवेदन प्राप्ति की अंतिम तिथि के ठीक बाद आने वाले 1 जनवरी को न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष होनी चाहिए। राजस्थान के एससी, एसटी, पिछड़ा वर्ग, अति पिछड़ा वर्ग, ईडब्ल्यूएस के पुरुष अभ्यर्थियों तथा सामान्य वर्ग की महिलाओं को आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट दी जाएगी। ईडब्ल्यूएस महिला, एससी, एसटी, पिछड़ा वर्ग और अति पिछड़ा वर्ग की महिलाओं को अधिकतम 10 वर्ष तक की छूट का प्रावधान है। विधवा और परित्यक्ता महिलाओं के लिए कोई अधिकतम आयु सीमा नहीं रखी गई है।
चयन प्रक्रिया और परीक्षा का स्वरूप
नोडल एजेंसी : बैंक के विभिन्न पदों पर चयन के लिए ‘राजस्थान सहकारी भर्ती बोर्ड’ नोडल एजेंसी के रूप में कार्य करेगा।
ऑनलाइन परीक्षा : अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की गई मेरिट सूची के अनुसार किया जाएगा। परीक्षा में सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम 33 प्रतिशत और एससी-एसटी वर्ग के लिए 28 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
संविदा कर्मियों को बोनस अंक
भूमि विकास बैंक में सेवाप्रदाता या प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए कार्यरत संविदा कर्मियों को प्रति वर्ष के अनुभव पर 1 बोनस अंक (अधिकतम 10 वर्ष के लिए 10 अंक) दिया जाएगा, जो ऑनलाइन परीक्षा के कुल प्राप्तांकों में जोड़े जाएंगे।
Also Read……….
भजनलाल सरकार ने इस अंदाज में दी सहकारी बैंकों को दीपावली की शुभकामनाएं
शासन सचिव डॉ. समित शर्मा ने किया कॉनफैड के ‘दीपोत्सव मेला-2026’ का शुभारम्भ

