बैंकों में पांच दिवसीय सप्ताह की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन
जयपुर, 5 जनवरी (मुखपत्र)। यूनाइटेड फॉर्म ऑफ़ बैंक यूनियंस के आह्वान पर सोमवार को जयपुर में अंबेडकर सर्किल के पास बीमा भवन परिसर में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के सामने बैंक कर्मचारियों ने देशव्यापी धरने के तहत धरना दिया। धरने में बैंकों में कार्यरत कर्मचारियों-अधिकारियों क 9 संगठनों के 150 से अधिक सदस्य शामिल हुए।
यूनाइटेड फोरम के संयोजक महेश मिश्रा ने बताया कि लंच समय में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों को फोरम से जुड़े संगठनों – एआईबीईए के आरजी शर्मा, महेश शर्मा, सूरजभान सिंह आमेरा, राहुल पाण्डे, सूरज प्रकाश, आइबोक के आरएल जाट, राजेश जैन, महेश शर्मा, एनसीबीई से विनिल सक्सेना, बैफी से बसंत जम्मट ने संबोधित करते हुए कहा कि सरकार जब तक वाजिब मांग को नहीं मान लेती, तब तक बैंक कर्मियों का आंदोलन जारी रहेगा।
मिश्रा ने बताया कि जब केंद्र-राज्य कर्मियों, रिजर्व बैंक, नाबार्ड, बीमा, सेबी और आयकर विभाग में पांच दिवसीय सप्ताह लागू है तो बैंक कर्मियों को भी यह राहत मिलनी चाहिये। पांच दिन के सप्ताह की मांग पर बैंक कर्मचारी व अधिकारी 27 जनवरी को देशव्यापी हड़ताल करेंगे।

