खास खबरसहकारिता

गुजरात के जेठाभाई अहीर नैफेड के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित

पंजाब के तरलोक सिंह और कर्नाटक के सिद्दपा उपाध्यक्ष चुने गये

नई दिल्ली, 22 मई। गुजरात के सहकारी नेता जेठाभाई अहीर (भरवाड़) को भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ मर्यादित (नैफेड) का निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया है। कर्नाटक के सहकारी नेता सिद्दप्पा हॉटी और पंजाब मार्कफेड के तरलोक सिंह को सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष चुना गया। आज बुधवार को नैफेड की नयी प्रबंध कार्यकारिणी के चुनाव में दोनों पदाधिकारियों का निर्वाचन हुआ। गुजरात विधानसभा के उपाध्यक्ष जेठाभाई भरवाड़, पीडीसी बैंक के अध्यक्ष और पंचमहल डेयरी के अध्यक्ष भी हैं। वे बिजेंद्र सिंह की जगह लेंगे, जो दो कार्यकाल (2009 से 2014 तक एवं 2019 से 2024 तक) के दौरान 12 साल तक नैफैड के अध्यक्ष रहे।

नेफेड के संचालक मंडल के 21 में से 15 सदस्य पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो गये थे। शेष 6 सदस्यों के निर्वाचन के लिए 21 मई को दिल्ली स्थित एनसीयूआई मुख्यालय में मतदान हुआ था। इसके लिए 27 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। इनमें से महाराष्ट्र से केडा तानजी, राजस्थान से रामप्रकाश चौधरी, पंजाब के रमेश कुमार, बिहार के विशाल सिंह, मप्र के रघुवीर सिंह रघुवंशी और कर्नाटक के सिद्दपा एस. होत्ती विजयी रहे। इससे पहले, नैफेड के निवर्तमान अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह, डॉ. चंद्रपाल सिंह यादव, मोहन कुंडारिया, तेजश कुमार पटेल और स्टेट फैडरेशन कोटे से 10 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो गये थे। संचालक मंडल में दो सरकारी सदस्य हैं।

धारा 20(ए) के तहत स्टेट फैडरेशन कोटे से निर्विरोध निर्वाचित होने वालों में आंध्र प्रदेश से शेखर बाबू गेड्डाम (आईएफएस), छत्तीसगढ़ से दीपक सोनी (आईएएस), गुजरात से जेठाभाई भरवाड़, हरियाणा से जे. गणेशन (आईएएस), कर्नाटक से गुरानाथा रेड्डी, मध्यप्रदेश से आलोक कुमार सिंह (आईएएस), पंजाब से तरलोक सिंह, राजस्थान से सुधांश पंत (आईएएस, राज्य के प्रधान सचिव), तेलंगाना से मारा गंगा रेड्डी और उत्तरप्रदेश से राकेश गुप्ता शामिल हैं।

राजस्थान से दो संचालक चुने गये

नैफेड के संचालक मंडल के चुनाव में राजस्थान से 2 निदेशक चुने गये हैं। स्टेट फैडरेशन कोटे में, राजफैड के प्रशासक के रूप में, राजस्थान के मुख्य सचिव सुधांश पंत को निर्विरोध चुन लिया गया। राजस्थान से दूसरे डायेक्टर के रूप में बीकानेर किसान सेवा सहकारी समिति लिमिटेड के अध्यक्ष रामप्रकाश चौधरी ने, प्रदेश के दिग्गज सहकारी नेता और पूर्व विधायक मांगीलाल डागा को कड़े मुकाबले में 7 वोटों से हराया। चौधरी को 212 तथा डागा को 205 मत मिले। (मांगीलाल डागा, इससे पहले इफको का चुनाव भी हार गये थे।)

इसी प्रकार, राजस्थान के अलावा उत्तरी क्षेत्र वर्ग में पंजाब के रमेश कुमार ने हरियाणा के जगमीत सिंह सांगवान को 212 के मुकाबले 250 वोट से हराया। पूर्वी क्षेत्र से पूर्व सांसद मीना सिंह के पुत्र विशाल सिंह ने बिहार विधान परिषद के सदस्य और बिस्कोमॉन के अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह को 72 मतों के भारी अंतर से पराजित किया। सेंट्रल जोन में विदिशा के रघुवीर सिंह रघुवंशी ने वाराणसी के अजय कुमार राय को 35 मतों के अंतर से हराया। इसी प्रकार, दक्षिण जोन से यादगिरी (कर्नाटक) के सिद्दपा एस. होत्ती ने रायचूर (कर्नाटक) के ही संजय पाटिल को 29 वोटों से हराकर संचालक मंडल में जगह बनायी।

 

error: Content is protected !!