पंजाब में गन्ने का सरकारी रेट अब 431 रुपए प्रति क्विंटल, देश में सर्वाधिक
– पंजाब के गन्ना किसानों को भारत सरकार के रेट से 66 रुपए प्रति क्विंटल अधिक मिलेंगे
चंडीगढ़, 25 नवंबर। पंजाब सरकार ने राज्य के गन्ना उत्पादक किसानों को बड़ी राहत देते हुए सीजन 2026-27 के लिए गन्ने के राज्य परामर्श मूल्य (SAP) में 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी कर दी है। इस फैसले के बाद अब पंजाब में गन्ने का भाव 416 रुपये प्रति क्विंटल से बढक़र 431 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है, जो पूरे देश में सर्वाधिक है। यह भाव, केंद्र सरकार द्वारा घोषित गन्ना के उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) 365 रुपए से 66 रुपए प्रति क्विंटल अधिक है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गन्ने के भाव में बढोतरी की घोषणा करते हुए कहा कि, किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य की चीनी मिलें 25 नवंबर से चालू कर दी जाएंगी, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और समय पर गन्ना पेराई का काम पूरा किया जा सके।
देश में सबसे अधिक गन्ना भाव होने का दावा
पंजाब सरकार के अनुसार, 431 रुपये प्रति क्विंटल का नया भाव देश में सबसे अधिक है। पड़ोसी राज्य हरियाणा में गन्ने का भाव 430 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 2026-27 सीजन के लिए गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) 365 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। हालांकि, राज्य सरकारें किसानों को केंद्र द्वारा निर्धारित एफआरपी से अधिक कीमत दे सकती हैं। इसी वजह से राज्यों का राज्य परामर्श मूल्य (एसएपी) और केंद्र सरकार का एफआरपी अलग-अलग होता है।
25 नवंबर से शुरू होगी चीनी मिलों में पेराई
नए पेराई सीजन के लिए पंजाब की चीनी मिलों में 25 नवंबर 2026 से कामकाज शुरू करने की तैयारी है। मिलों के चालू होने से किसान अपनी तैयार फसल की आपूर्ति कर सकेंगे। इससे गन्ने की कटाई और परिवहन गतिविधियों में भी तेजी आने की उम्मीद है। इस सीजन में पंजाब में गन्ने की खेती का कुल रकबा बढक़र लगभग 1.16 लाख हेक्टेयर हो गया है, जबकि पिछले वर्ष यह करीब 1.12 लाख हेक्टेयर था।
TOP NEWS
डॉ. समित शर्मा ने सहकारिता विभाग में सिविल सेवा आचरण की कठोर सेंसरशिप लागू की
सहकारी बैंकों में अब सीनियर सैकेंडरी पास कर्मचारी का भी प्रमोशन हो सकेगा
सहकारी बैंक में सीधी भर्ती के नियम जारी, संविदा कार्मिकों को मिलेंगे बोनस अंक
भजनलाल सरकार ने इस अंदाज में दी सहकारी बैंकों को दीपावली की शुभकामनाएं
शासन सचिव डॉ. समित शर्मा ने किया कॉनफैड के ‘दीपोत्सव मेला-2026’ का शुभारम्भ

