अनूपगढ़ केवीएसएस की एजीएम में नया गोदाम और चारदिवारी निर्माण के प्रस्ताव पारित
47.50 लाख रुपए का बजट मंजूर, पिड़ निर्माण की कार्य योजना को स्वीकृति दी
अनूपगढ़, 29 सितंबर (मुखपत्र)। अनूपगढ़ क्रय-विक्रय सहकारी समिति लि. अनूपगढ़ की वार्षिक साधारण सभा (एजीएम) गत शनिवार को सोसाइटी अध्यक्ष श्रीमती पलविंद्र कौर बराड़ की अध्यक्षता में आयोजित की गई। सभा में समिति की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। उपस्थित सदस्यों ने गत आमसभा की कार्यवाही की पुष्टि की और वर्ष 2026-27 की वार्षिक व्यापार योजना को मंजूरी प्रदान की गई।
समिति का वर्ष 2026-27 के लिए 47.50 लाख रुपए का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। सभा में समिति के मुख्य कार्यालय में नया गोदाम बनाने, समिति के फैक्ट्री परिसर की चारदीवारी और पिड़ बनाने की कार्ययोजना को भी स्वीकृति दी गई।

मुख्य व्यवस्थापक हरि सिंह शर्मा ने बिंदूवार एजेंडा सदस्यों के समक्ष रखा, जिनका सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया। सभा के दौरान समिति के संचालक कुनणराम ने सुझाव दिया कि ग्राम सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से अधिक से अधिक व्यवसाय किया जाए। उन्होंने समिति में डम्प और डैमेज स्टॉक के निस्तारण का सुझाव भी रखा। युद्धवीर सिंह ने निजी उर्वरक कंपनी से खाद खरीदकर समिति के सदस्यों को उपलब्ध कराने का सुझाव दिया।
वार्षिक साधारण सभा में समिति राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित मलकीयत सिंह, गंगानगर केंद्रीय सहकारी बैंक की अनूपगढ़ शाखा प्रबंधक निशा अरोड़ा, संचालक सदस्य परमजीत सिंह, बलविंद्र सिंह, रामप्रताप, रविंद्र कुमार और रामस्वरूप सहित समिति के सदस्य उपस्थित थे।

