राज्य

शक्ति भवानी बुद्धा माता मंदिर में 11 हजार ज्योतों से मां दुर्गा की महाआरती सम्पन्न, 26 को जागरण, 27 मार्च को अटूट भंडारा

श्रीविजयनगर (श्रीगंगानगर), 25 मार्च (मुखपत्र)। श्रीगंगानगर जिले के श्रीविजयनगर कस्बे में स्थित मां दुर्गा के सिद्धस्थान – शक्ति भवानी बुद्धा माता मंदिर में 98वां नवरात्रि महोत्सव 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। कार्यक्रमों की श्रृंखला में बुधवार को 11000 ज्योतों से मां दुर्गा की आरती सम्पन्न की गयी। साथ ही, सप्तम नवरात्रि के उपलक्ष्य मेें मां कालरात्रि के निमित्त दीपदान किया गया। बड़ी संख्या में महिलाएं उत्साह के साथ महाआरती और दीपदान कार्यक्रम में शामिल हुईं। महोत्सव के लिए मंदिर भजन में आकर्षक सजावट की गयी है।

शक्ति भवानी बुद्धा माता मंदिर, श्रीविजयनगर में मां कालरात्रि के निमितत दीपदान करती महिलाएं।

मंदिर कमेटी के संरक्षक हरीसिंह कामरा ने बताया कि नवरात्रि महोत्सव के दौरान अष्टमी तिथि के उपलक्ष्य में, 26 मार्च 2026 को भजन-कीर्तन के उपरांत सायंकाल 7.15 बजे मां दुर्गा को 56 भोग अर्पित किये जायेंगे।

इसके पश्चात रात्रि को मां भगवती का जागरण होगा, जिसमें विभिन्न कलाकार भजनों के माध्यम से मां की महिमा का गुणगान करेंगे।

शक्ति भवानी बुद्धा माता मंदिर में स्थापित शिवालय में दीपदान का दृश्य।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र की उन्नति एवं सुख-समृद्धि की कामना के साथ 27 मार्च 2026 को प्रात: 8.15 बजे श्रीदुर्गा सप्तशती का हवन होगा। हवन की पूर्णाहूति के पश्चात 108 कन्याओं का पूजन कर, उन्हें उपहार भेंट किये जायेंगे। तदोपरांत, दोपहर 12.15 बजे से अटूट भंडारा (लंगर) वितरित किया जायेगा।

मंदिर की मुख्य सेवादार मीनू ने धर्मनिष्ठ व्यक्तियों से नवरात्रि महोत्सव एवं जागरण के लिए आर्थिक सहयोग एवं लंगर के लिए भोजन सामग्री के रूप में सहयोग की अपील की है।

 

शक्ति भवानी बुद्धा माता मंदिर, श्रीविजयनगर
error: Content is protected !!