सरसों एवं चना की एमएसपी खरीद के लिए 15 मार्च से रजिस्ट्रेशन शुरू होंगे, 25 मार्च से आरंभ होगी खरीद
जयपुर, 9 मार्च (मुखपत्र)। भारत सरकार के निर्देशानुसार राजस्थान में राजफेड (RAJFED) द्वारा रबी-2026 के अंतर्गत सरसों एवं चना की समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद शीघ्र शुरू की जा रही है। राजफेड के चार क्षेत्रीय कार्यालयों कोटा, अजमेर, भरतपुर एवं श्रीगंगानगर में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 15 मार्च से एवं खरीद 25 मार्च से शुरू होगी। जबकि, शेष चार क्षेत्रीय कार्यालयों जयपुर, जोधपुर, उदयपुर एवं बीकानेर नें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 20 मार्च एवं खरीद 1 अप्रेल से शुरू होगी। अजमेर, जोधपुर, बीकानेर एवं कोटा क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत आने वाले 19 जिलों में एनसीसीएफ (NCCF) द्वारा एवं जयपुर, उदयपुर, श्रीगंगानगर एवं भरतपुर क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत आने वाले 22 जिलों में नेफेड (NAFED) द्वारा खरीद कार्य करवाया जाएगा।
ये है समर्थन मूल्य
भारत सरकार द्वारा सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य 6,200 रुपये प्रति क्विंटल एवं चना का समर्थन मूल्य 5,875 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया गया है। राज्य में सरसों की 13.78 लाख मीट्रिक टन एवं चना की 5.53 लाख मीट्रिक टन खरीद की सीमा निर्धारित की गई है।
बायोमीट्रिक पहचान से ही खरीद होगी
सरसों एवं चना विक्रय के इच्छुक किसान स्वयं क्यूआर कोड स्कैन कर अथवा ई-मित्र के माध्यम से पंजीकरण करवा सकेंगे। समर्थन मूल्य पर खऱीद किसानों की आधार आधारित बायोमीट्रिक पहचान के माध्यम से ही की जाएगी। भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार नैफेड और एनसीसीएफ के लिए समर्थन मूल्य पर खरीद 60 दिवस की अवधि में की जाएगी।
किसान पूर्व की भांति एफएक्यू गुणवत्ता मापदण्डों के अनुरूप अपनी फसल क्षेत्र की क्रय-विक्रय अथवा ग्राम सेवा सहकारी समिति केन्द्र पर विक्रय कर सकेंगे। किसानों को सुविधा के लिए राजफेड में कॉल सेन्टर 18001806001 स्थापित किया गया है।
क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत जिले
जयपुर – जयपुर, कोटपूतली-बहरोड़, दौसा, सीकर, टोंक, झुंझुनूं।
उदयपुर – उदयपुर, सलूम्बर, चित्तौडग़ढ़, प्रतापगढ़, राजसमंद, डूंगरपुर, बांसवाड़ा।
श्रीगंगानगर- श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़।
भरतपुर – भरतपुर, अलवर, खैरथल-तिजारा, डीग, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर।
अजमेर – अजमेर, नागौर, भीलवाड़ा, ब्यावर, कुचामन-डीडवाना।
जोधपुर – जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, पाली, सिरोही, जालोर, बालोतरा, फलौदी।
बीकानेर – बीकानेर, चूरू।
कोटा – कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़।
सहकारिता विभाग की अनुदान मांगें ध्वनिमत से पारित, पैक्स कर्मचारी फिर खाली हाथ

