भजनलाल शर्मा सरकार की तीसरी वर्षगांठ पर 8 से 25 दिसंबर तक होंगे भव्य आयोजन, अमित शाह के कार्यक्रम की मेजबानी सहकारिता विभाग करेगा
जयपुर, 16 नवंबर (मुखपत्र)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आगामी दिसंबर माह में राजस्थान के प्रवास पर आएंगे। वे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली राजस्थान की भाजपा सरकार की तीसरी वर्षगांठ पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। इस कार्यक्रम की मेजबानी सहकारिता विभाग करेगा। हालांकि, अमित शाह के कार्यक्रम को मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है, लेकिन उनके दिसंबर माह के दूसरे सप्ताह में (10 दिसंबर के आसपास) जयपुर आने की संभावना है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित राज्य सरकार के कई मंत्री भी उपस्थित रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के तीन वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 8 दिसम्बर से 25 दिसंबर 2026 तक, प्रदेश भर में बड़े स्तर पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ऐसे ही एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एक दिन के लिए जयपुर आएंगे। इस कार्यक्रम की मेजबानी सहकारिता विभाग करेगा। सहकारिता विभाग से संबंधित अमित शाह के कार्यक्रम के सफल, सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध आयोजन तथा विभिन्न संबंधित संस्थाओं के मध्य प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के लिए राजफैड के प्रबंध निदेशक सौरभ स्वामी, आई.ए.एस. को नोडल अधिकारी बनाया गया है। सहकारिता विभाग के शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, डॉ. समित शर्मा ने इस आशय का आदेश जारी करते हुए, नोडल अधिकारी की सहायतार्थ कई वरिष्ठ सहकारी अधिकारियों को विभिन्न कार्यों का दायित्व सौंपा है। ये अधिकारी, सौरभ स्वामी के निर्देशन में कार्य करेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान अमित शाह नई सहकारिता नीति का विमोचन करेंगे तथा केंद्रीय सहकारी बैंकों की ओर से लाभार्थियों को माइक्रो एटीएम वितरित करेंगे। वर्चुअल माध्यम से, नवनिर्मित 65 गोदामों का लोकार्पण, 25 प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्रों और सहकारी फार्मेसी का शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही, सहकारिता विभाग के ‘एक जिला, एक उत्पाद’ (ओडीओपी) से संबंधित उत्पादों की लॉन्चिंग की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान ही अमित शाह एवं भजनलाल शर्मा द्वारा सीएम-किसान की सातवीं किश्त की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे किसानों के खातों में ट्रांसफर की जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर 15 से अधिक प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाया जाना प्रस्तावित है।
कार्य आवंटन
अतिथियों की आवास व्यवस्था एवं कार्यक्रम स्थल तक लाना एवं वापसी तक परिवहन, सुरक्षा, विद्युत, ध्वनि एवं जलपान आदि व्यवस्था की जिम्मेदारी प्रहलाद सहाय नागा, संयुक्तशासन सचिव और संदीप खंडेलवाल, महाप्रबंधक (वाणिज्य), राजफैड को सौंपी गई है।
अतिथि सत्कार, मंच व्यवस्था, बैकग्राउण्ड, बैठक व्यवस्था एवं कार्यक्रम स्थल पर अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भोमाराम, अतिरिक्त रजिस्ट्रार (मा.सं.वि.), बिजेन्द्र शर्मा, अतिरिक्त रजिस्ट्रार (मार्केटिंग), मुरारसिंह जाड़ावत, प्रबन्ध निदेशक, को-ऑपरेटिव प्रेस एवं वर्षा मीना, सहायक निदेशक (सांख्यिकी) देखेंगे।
सहकारिता विभाग के अधीनस्थ कार्यालयों, सहकारी संस्थाओं, शीर्ष सहकारी संस्थाओं एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करने और लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं का दायित्व उषस्पति त्रिपाठी, प्रबंध निदेशक, तिलम संघ, सुरभि शर्मा, आईडीओ, आरसीडीएफ एवं मुरारसिहं जाड़ावत, एमडी, कोऑपरेटिव प्रेस को सौंपा गया है।
सहकारिता मंत्रालय की पहलों के तहत सहकारिता विभाग, राजस्थान द्वारा किये गये कार्यों पर 5 मिनट की लघु फिल्म दिखाए जाने की व्यवस्था जे.पी.यादव, सहायक रजिस्ट्रार एवं पीआरओ, श्याम सुन्दर शर्मा, सहायक रजिस्ट्रार एवं विष्णु कुमावत, प्रोग्रामर करेंगे।
कार्यक्रम में जिला एवं ब्लॉक स्तर से प्रस्तावित सहभागिता/वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग तथा अन्य निर्धारित गतिविधियों की तैयारी संबंधित अधिकारियों के माध्यम से सुनिश्चित करने का कार्य राजेन्द्र कुमार मीणा, अतिरिक्त रजिस्ट्रार, द्वितीय एवं शिव कुमार एनालिस्ट कम प्रोग्रामर को सौंपा गया है।
सहकारिता विभाग की ओर से मानव ससंाधन की व्यवस्था रणजीत सिंह चुंडावत, प्रबन्ध निदेशक, अपेक्स बैंक, बलविन्द्र सिंह गिल, अतिरिक्त रजिस्ट्रार (बैंकिंग) एवं प्रेमचंद जाटव, संयुक्त रजिस्ट्रार (आयोजना) करेंगे। जबकि डेयरी की ओर से मानव संसाधन की व्यवस्था श्रुति भारद्वाज, आईएएस, प्रबन्ध निदेशक, आरसीडीएफ एवं सुरभि शर्मा, आईडीओ, आरसीडीएफ द्वारा की जाएगी।
कार्यक्रम की प्रगति से विभाग को नियमित रूप से अवगत कराने तथा किसी भी बाधा/समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर उसका समयबद्ध निराकरण का दायित्व कार्तिकेय मिश्र, अतिरिक्त रजिस्ट्रार, प्रथम संभालेंगे। सूचना/प्रचार सामग्री एवं कार्यक्रम के आयोजन के उपरांत संक्षिप्त प्रतिवेदन, उपलब्धियों एवं फोटोग्राफ्स सहित विभाग को प्रस्तुत करने का कार्य जे.पी. यादव, पीआरओ करेंगे।
प्रस्तावित कार्यक्रम
प्रस्तावित नई सहकारिता नीति का विमोचन कराने का दायित्व अजय उपाध्याय, संयुक्त रजिस्ट्रार (नियम) को सौंपा गया है। कार्यक्रम स्थल पर 15 से अधिक प्रदर्शनी स्टॉल लगाई जाएंगी, जिसकी व्यवस्था बलविन्द्र सिंह गिल, अतिरिक्त रजिस्ट्रार (बैंकिंग), सोनल माथुर, संयुक्त रजिस्ट्रार (मार्केटिंग) एवं कल्पना जोशी, संयुक्तरजिस्ट्रार (प्रोसेसिंग) मिलकर करेंगे। नवनिर्मित 65 गोदामों के लोकार्पण संबंधी कार्य भी कल्पना जोशी को सौंपा गया है।
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा सीएम-किसान की सातवीं किश्त की डीबीटी के माध्यम से सीधे किसानों के खातों में ट्रांसफर की जाएगी, इस कार्य की जिम्मेदारी प्रेमचंद जाटव, संयुक्तरजिस्ट्रार (आयोजना) को सौंपी गई है।
कार्यक्रम में अमित शाह द्वारा वर्चुअल माध्यम से 25 प्रधानमत्रंी जन औषधि केन्द्रों और सहकारी फार्मेसी का शुभारंभ किया जाएगा, जिसके लिए तमाम व्यवस्थाएं राजेन्द्र सिंह, प्रबंध निदेशक, राजस्थान राज्य सहकारी उपभोक्ता संघ लि. (कॉनफेड) द्वारा की जाएगी।
10 केंद्रीय सहकारी बैंकों द्वारा माइक्रो एटीएम का वितरण एवं स्टेज पर 5 प्रतिभागियों को माइक्रो एटीएम वितरण, आवश्यक मानव संसाधान की व्यवस्था रणजीत सिंह चुंडावत, एमडी, अपेक्स बैंक देखेंगे।
सहकारिता विभाग के एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) उत्पादों की लॉन्चिंग का कार्य राजेन्द्र सिंह, एमडी, कॉनफैड और दिनेशकुमार शर्मा, सलाहकार राजफैड को सौंपा गया है।
Also Read……….
डॉ. समित शर्मा ने सहकारिता विभाग में सिविल सेवा आचरण की कठोर सेंसरशिप लागू की
सहकारी बैंकों में अब सीनियर सैकेंडरी पास कर्मचारी का भी प्रमोशन हो सकेगा
सहकारी बैंक में सीधी भर्ती के नियम जारी, संविदा कार्मिकों को मिलेंगे बोनस अंक
भजनलाल सरकार ने इस अंदाज में दी सहकारी बैंकों को दीपावली की शुभकामनाएं
शासन सचिव डॉ. समित शर्मा ने किया कॉनफैड के ‘दीपोत्सव मेला-2026’ का शुभारम्भ

