सहकारिता

अमित शाह ने देखी राजस्थान में ‘सहकार से समृद्धि’ की प्रगति की झलक

चित्तौडग़ढ़, 16 अगस्त (मुखपत्र)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को राजस्थान के चित्तौडग़ढ़ जिले के निम्बाहेड़ा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया और अटल गौरव स्मृति समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर 15 जिलों में 5659 करोड़ रुपये के 944 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास किया गया। साथ ही, जल जीवन मिशन के तहत 1500 गांवों को हर घर नल से जल की सौगात दी गई। शाह ने कार्यक्रम स्थल पर आयोजित सहकारिता विभाग की प्रदर्शनी में राजस्थान में सहकार से समृद्धि की उल्लेखनीय प्रगति की झलक देखी।

स्टेज पर पहुंचने से पहले अमित शाह ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया। सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम दक, सहकारिता विभाग के शासन सचिव डॉ. समित शर्मा और राजफैड के प्रबंध निदेशक सौरभ स्वामी ने केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री को प्रदर्शनी का अवलोकन करवाया। विभाग की ओर से, सहकार से समृद्धि को प्रदर्शित करते हुए कुल पांच स्टॉल्स लगाए गए थे, जिसमें से एक -ई-पैक्स स्टाल पर सहकारिता विभाग, भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पैक्स कम्प्यूटरीकरण परियोजना की प्रगति को प्रदर्शित किया गया।

अन्य स्टालों पर सहकारिता विभाग की अन्य प्रमुख पहलों – भारत टैक्सी, सहकार वन और मिलेट्स (श्रीअन्न) को प्रदर्शित किया गया। शाह ने उपभोक्ता संघ द्वारा प्रदर्शित प्रधानमंत्री जनऔषधि केेंद्र की स्टॉल का अवलोकन किया। डॉ. समित शर्मा ने शाह को जेनरिक दवाईयों के बारे में जानकारी दी। कॉनफेड के प्रबंध निदेशक राजेंद्र सिंह ने उन्हें बताया कि उपभोक्ता संघ एवं सहकारी उपभोक्ता भंडारों के माध्यम से भी पीएम जनऔषधि केंद्रों की स्थापना की जा रही है।

शाह ने की सराहना

मंत्री और शासन सचिव ने अमित शाह को राजस्थान में सहकार से समृद्धि के अंतर्गत विभिन्न पहलों की प्रगति की संक्षेप में जानकारी दी, जिसकी शाह ने सराहना की। शाह इससे पहले भी विभिन्न मंचों से प्रदेश में सहकारिता क्षेत्र में, विशेषकर भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय द्वारा आरंभ विभिन्न पहलों में हुई उल्लेखनीय प्रगति के लिए राजस्थान की प्रशंसा कर चुके हैं।

शाह को भेंट की पेंटिंग

प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान, मंत्री, शासन सचिव एवं उदयपुर सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के प्रबंध निदेशक आशुतोष भट्ट द्वारा अमित शाह को एक बेहतरीन पेंटिंग भेंट की गई, जिसमें अमित शाह के नेतृत्व में सहकार से समृद्धि के संकल्पना को साकार होते दर्शाया गया है।

डॉ. समित शर्मा की पहल पर हुई थी जेनरिक दवाइयां की शुरूआत

उल्लेखनीय है कि सहकारिता विभाग के शासन सचिव डॉ. समित शर्मा की पहल पर ही डेढ़ दशक पहले, देश में सर्वप्रथम राजस्थान में ही गुणवत्तायुक्त सस्ती जेनरिक दवाईयां की शुरूआत की गई थी। इसी कॉन्सेप्ट पर भारत सरकार द्वारा देश भर में प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्रों की स्थापना की गई है।

ये अधिकारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें जयपुर से कार्तिकेय मिश्र, संदीप खंडेलवाल और राजेंद्र सिंह, उदयपुर से नानालाल चावला, आशुतोष भट्ट और डॉ. प्रमोद कुमार, चित्तौडग़ढ़ से सुनील व्यास, संजय शर्मा, योगेंद्र जैन आदि शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री की सफल विजिट के गद्गद् मंत्री गौतम दक ने सहकारिता विभाग की पूरी टीम का धन्यवाद ज्ञापित किया।

 

 

error: Content is protected !!