राज्य

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में गड़बड़ी की एक और एजेंसी ने शुरू की जांच

श्रीगंगानगर, 31 जुलाई (मुखपत्र) । श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर क्षेत्र में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) में गड़बड़ी की जांच, एक और एजेंसी के रूप में गंगानगर केंद्रीय सहकारी बैंक स्तर पर भी आरंभ कर दी गई है। कृषि विभाग पहले ही इस प्रकरण की जांच कर चुका है, लेकिन विभाग ने अब तक रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया है। सहकारिता विभाग की जांच प्रक्रियाधीन है। अब तीसरी एजेंसी द्वारा फसल बीमा में गड़बड़ी की जांच शुरू की गयी है।

शिकायतकर्ता ने बैंक अधिकारियों और श्रीकरणपुर क्षेत्र की ग्राम सेवा सहकारी समितियां के व्यवस्थापकों की मिलीभगत से, कुछ प्राइवेट व्यक्तियों (माफिया) पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत, श्रीकरणपुर क्षेत्र में, विशेष नग्गी ग्राम सेवा सहकारी समिति एवं बुर्जवाला पटवार सर्किल क्षेत्र में फर्जी फसल बीमा करने, फर्जी नाम से बैंक खाते खोलने और फर्जी ढंग से फसल खराबा दिखाकर, करोड़ों रुपये का क्लेम उठाने का आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री एवं बीमा कंपनी को प्रेषित पत्र में शिकायतकर्ताओं द्वारा जांच की मांग की गई है।

बैंक द्वारा प्रधान कार्यालय में पदस्थ वरिष्ठ प्रबंध महेश सिरोही को मामले की जांच सौंपी गई है। सिरोही ने बैंक की श्रीकरणपुर शाखा से बीमा संबंधी रिकार्ड कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

फर्जी दस्तावेजों के आधार पर फसल बीमा क्लेम का अनुचित लाभ उठाने का आरोप

शिकायतकर्ता नग्गी निवासी राजेंद्र सिहाग, प्रदीप कुमार सहित एक दर्जन से अधिक किसानों का आरोप है कि क्षेत्र में सक्रिय कुछ व्यक्तियों द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा का अनुचित लाभ उठाया जा रहा है। उनका कहना है कि इलाके में एक गिरोह सक्रिय है, जो फर्जी दस्तावेजों के आधार पर फसल बीमा क्लेम का अनुचित लाभ उठा रहे हैं जबकि वास्तविक काश्तकार के खराबे की भरपाई नहीं हो रही। यह भी आरोप है कि सक्रिय समूह द्वारा गंगानगर केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड, श्रीगंगानगर की श्रीकरणपुर शाखा के माध्यम से पड़ौसी जिलों में फर्जी कृषकों का फसल बीमा किया जा रहा है।

शिकायत में श्रीकरणपुर ब्रांच के माध्यम से किए जा रहे बीमा आवेदनों एवं इस पर प्राप्त क्लेम की गहनता से जांच करवाए जाने की मांग की गई है, ताकि फर्जी बीमा माफिया की गड़बड़ी का खुलासा हो सके।

सहकारी विभाग भी करवा रहा जांच

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व, मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त शिकायत के आधार पर सहकारिता विभाग द्वारा भी फसल बीमा में गड़बड़ी की जांच करवाई जा रही है। श्रीकरणपुर क्षेत्र के सर्किल इंस्पेक्टर, मुकेश मीणा, सहकारी निरीक्षक (कार्यकारी) इस प्रकरण की जांच कर रहे हैं। अभी तक की जांच के दौरान शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज कर, दस्तावेजी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। (Photo – social media)

 

कोऑपरेटिव बैंक और सहकारी समिति व्यवस्थापकों की मिलीभगत से फसल बीमा में करोड़ों रुपये का खेल

 

 

error: Content is protected !!