राज्य

शक्ति भवानी बुद्धा माता मंदिर में 98वां नवरात्रि महोत्सव 19 मार्च से

महोत्सव के दौरान प्रतिदिन भजन-कीर्तन, सामूहिक श्रीसुंदरकांड पाठ, 11000 ज्योतियों से महाआरती, 56 भोग, श्रीदुर्गा सप्तशती हवन, 108 कन्याओं का पूजन एवं अटूट भंडारा चलेगा

श्रीविजयनगर (श्रीगंगानगर), 18 मार्च (मुखपत्र)। श्रीगंगानगर जिले के श्रीविजयनगर कस्बे में स्थित मां दुर्गा के सिद्धस्थान – शक्ति भवानी बुद्धा माता मंदिर में 98वां नवरात्रि महोत्सव 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जायेगा। नवरात्रि महोत्सव के लिए मंदिर में आकर्षक सजावट की गयी है।

मंदिर की मुख्य सेवादार मीनू ने बताया कि नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ 19 मार्च को अभिजीत मुहूर्त में अपराह्न 12.15 बजे घट स्थापना से होगा। साथ ही, श्रीरामचरित्र मानस पाठ का शुभारंभ किया जायेगा। इसके उपरांत प्रतिदिन सायंकाल में 4.30 से 7.30 बजे तक भजन-कीर्तन होंगे एवं माता की चौकी सजायी जायेगी।

23 मार्च को पांचवें नवरात्रि के अवसर पर सायं 5.15 बजे सामूहिक श्रीसुंदरकांड पाठ होगा। 25 मार्च को सातवें नवरात्रि में सायंकाल 7.15 बजे 11000 ज्योतियों से मां दुर्गा की महाआरती की जायेगी। अष्टमी तिथि के उपलक्ष्य में, 26 मार्च 2026 को भजन-कीर्तन के उपरांत सायंकाल 7.15 बजे मां दुर्गा को 56 भोग अर्पित किये जायेंगे। इसके पश्चात रात्रि को मां भगवती का जागरण होगा, जिसमें विभिन्न कलाकार भजनों के माध्यम से मां की महिमा का गुणगान करेंगे। देवी-देवताओं की सजीव झांंकियां प्रस्तुत की जायेंगी।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र की उन्नति एवं सुख-समृद्धि की कामना के साथ 27 मार्च 2026 को प्रात: 8.15 बजे श्रीदुर्गा सप्तशती का हवन होगा। हवन की पूर्णाहूति के पश्चात 108 कन्याओं का पूजन कर, उन्हें उपहार भेंट किये जायेंगे। तदोपरांत, दोपहर 12.15 बजे से अटूट भंडारा (लंगर) वितरित किया जायेगा।

सेवादार मीनू ने धर्मनिष्ठ व्यक्तियों से नवरात्रि महोत्सव एवं जागरण के लिए आर्थिक सहयोग एवं लंगर के लिए भोजन सामग्री के रूप में सहयोग की अपील की है।

 

 

error: Content is protected !!