गंगानगर केंद्रीय सहकारी बैंक की सोसाइटी के चुनाव निर्विरोध सम्पन्न, महेंद्र ज्याणी अध्यक्ष निर्वाचित
जयपुर, 31 जनवरी (मुखपत्र)। गंगानगर केंद्रीय सहकारी बैंक कर्मचारी सहकारी समिति के चुनाव निर्विरोध सम्पंन हुए। नयी कार्यकारिणी में महेंद्र प्रताप ज्याणी को अध्यक्ष चुना गया है।
राजस्थान राज्य सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण द्वारा नियुक्त चुनाव अधिकारी, सहकारी निरीक्षक योगेश अग्रवाल ने बताया कि 12 सदस्यीय नयी कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव प्रक्रिया आरंभ की गयी थी। इसमें संचालक मंडल के 11 सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। संचालक मंडल में अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित एक पद रिक्त रह गया।

इसके उपरांत 27 जनवरी 2026 को पदाधिकारियों का निर्वाचन कराया गया, जिसमें सर्वसम्मति से वरिष्ठ प्रबंधक महेंद्र प्रताप ज्याणी को अध्यक्ष, वरिष्ठ प्रबंधक नीनूबाला को उपाध्यक्ष, प्रबंधक राकेश चावला को कोषाध्यक्ष एवं बलजीत सिंह को मंत्री निर्वाचित घोषित किया गया। संचालक मंडल के अन्य सदस्यों में बैंक के मुख्य प्रबंधक विकास गर्ग, वरिष्ठ प्रबंधक पंकज गुप्ता एवं शिप्रा बहल, प्रबंधक गुरेंद्रसिंह, बैंकिंग सहायक विनोद कताला, मनीष चलाना और खुश्बू भाटी हैं।
समिति सदस्यों ने निर्विरोध चुनाव सम्पन्न करवाने में सक्रिय भूमिका निभाने पर मुख्य प्रबंधक विकास गर्ग का आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि गंगानगर केंद्रीय सहकारी बैंक कर्मचारी सहकारी समिति द्वारा बैंक में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों को 10 लाख रुपये तक ऋण की सुविधा उपलब्ध करायी जाती है। समिति द्वारा अमानतें भी स्वीकार की जाती हैं।

