मुखपत्र

गंगानगर के पैक्स कार्मिकों ने एकता की मिसाल प्रस्तुत की, दोनों संगठनों की जिला कार्यकारिणी भंग, नयी कार्यकारिणी का गठन

प्रगट सिंह जिलाध्यक्ष, रवि गोदारा जिला उपाध्यक्ष और वीरेंद्र यादव जिला सचिव चुने गये

श्रीगंगानगर, 23 जुलाई (मुखपत्र)। संगठन को मजबूती प्रदान करने और ग्राम सेवा सहकारी समितियां के कर्मचारियों की आवाज को धार प्रदान करने के लिए गंगानगर जिले के पैक्स कार्मिकों ने आज अभूतपूर्व एकता का परिचय देते हुए दोनों कार्यकारिणी को भंग कर, नयी कार्यकारिणी का चुनाव कर लिया। सूरतगढ़ की चौपड़ा धर्मशाला में आयोजित जिले के व्यवस्थापकों, सहायक व्यवस्थापकों की बड़ी बैठक में गोविंद वृहत ग्राम सेवा सहकारी समिति (पदमपुर) के व्यवस्थापक प्रगट सिंह को जिलाध्यक्ष चुना गया। रामसरा जाखड़ान जीएसएस (सूरतगढ) के व्यवस्थापक रवि गोदारा को उपाध्यक्ष और राजपुरा बाला सोसाइटी (गजसिंहपुर) के व्यवस्थापक वीरेंद्र यादव को जिला सचिव चुना गया।

जिले में गंगानगर केंद्रीय सहकारी बैंक की प्रत्येक शाखा से एक-एक व्यवस्थापक अथवा सहायक व्यवस्थापक को जिला कार्यकारिणी में शामिल किया जायेगा। सदभावपूर्ण एवं उत्साहित माहौल में सम्पन्न हुई इस यादगार बैठक में राजस्थान सहकारी कर्मचारी संघ, जयपुर के प्रदेश मंत्री रामभगत शर्मा और जिला पदाधिकारी मन्दीप सिंह, गुरमंट सिंह एवं जसविंद्रसिंह बराड़ आदि तथा राजस्थान बहुउद्देश्यीय सहकारी सोसाइटी कर्मचारी यूनियन, जयपुर के जिलाध्यक्ष जसवंत पचार, गिरधारीलाल शर्मा, राजकुमार सहित कार्यकारिणी के अधिकांश पदाधिकारी उपस्थित रहे। राजस्थान सहकारी कर्मचारी संघ (भामस)के जिलाध्यक्ष पवन कुमार मंडा, पारिवारिक कारणों से स्वयं उपस्थित नहीं हुए, लेकिन उनकी कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने नयी कार्यकारिणी के प्रति सहमति व्यक्त की।

पहली बार सभी शाखाओं के पैक्स कार्मिक उपस्थित रहे

निवर्तमान जिला सचिव राजकुमार ने बताया कि सर्वसम्मति से दोनों कार्यकारिणी को भंग कर, नयी जिला कार्यकारिणी गठित की गयी है। आज की बैठक में 170 से अधिक व्यवस्थापक, सहायक व्यवस्थापक उपस्थित थी। पहली बार ऐसा हुआ जब जिले की समस्त 22 शाखाओं से पैक्स कार्मिक जिला संगठन की बैठक में शामिल हुए।

सूरतगढ़ (श्रीगंगानगर)। चौपड़ा धर्मशाला में बुधवार को आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में पैक्स कर्मचारी शामिल हुये।

 

कर्मचारी यूनियन के जिलाध्यक्ष जसवंत पचार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सभी शाखाओं से दो-दो कर्मचारियों की एक कमेटी गठित की गयी, जिसके द्वारा जिलाध्यक्ष पद के लिए मुख्य रूप से प्रगट सिंह और रवि गोदारा के नाम पर विचार किया गया। बाद मेंं, बहुमत के आधार पर प्रगट सिंह को जिलाध्यक्ष बनाये जाने का निर्णय लिया गया। एकता और सदभाव की मिसाल प्रस्तुत करते हुए रवि गोदारा को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया जबकि वीरेंद्र यादव को सचिव की जिम्मेदारी दी गयी।

error: Content is protected !!