आरबीआई के नये गवर्नर संजय मल्होत्रा का है श्रीगंगानगर से कनेक्शन
श्रीगंगानगर, 9 दिसम्बर (मुखपत्र)। भारतीय प्रशासनिक सेवा के राजस्थान कैडर के वरिष्ठ अधिकारी संजय मल्होत्रा को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) का नया गर्वनर नियुक्त किया गया है। मल्होत्रा का राजस्थान के श्रीगंगानगर से गहरा सम्बंध है। उन्होंने अपने बचपन के कुछ साल गंगानगर शहर के एन-ब्लॉक में क्षेत्र में बिताये हैं। उनके कई निकट रिश्तेदार वर्तमान में गंगानगर में ही निवास करते हैं।
मल्होत्रा के नजदीकी रिश्तेदारों में से एक, स्नेह कपूर ने बताया कि संजय मल्होत्रा के पिता किशनलाल मल्होत्रा, बीएसएफ में पोस्टेड थे, तब उनका परिवार एन-ब्लॉक में रहता था। यहां रेलवे स्टेशन के पास, गुरुद्वारा सिंहसभा के आसपास उनके रिश्तेदारों का बिजनेस है। संजय मल्होत्रा के नाना मनोहरलाल कपूर (स्नेह कपूर के चाचा) के परिवार के सदस्य भी गंगानगर में हैं।
आरबीआई के 26वेें गवर्नर
केंद्र सरकार ने सोमवार को वित्त मंत्रालय में राजस्व सचिव संजय मल्होत्रा को आरबीआई का 26वां गवर्नर नियुक्त किया। मल्होत्रा 1990 बैच के राजस्थान कैडर के आईएएस हैं। वे वर्तमान गवर्नर शक्तिकांत दास का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 10 दिसम्बर को पूरा हो रहा है। मल्होत्रा का कार्यकाल 11 दिसम्बर 2024 से आगामी तीन साल के लिए होगा। दास को उर्जित पटेल के स्थान पर 12 दिसम्बर 2018 को आरबीआई का गवर्नर नियुक्त किया गया था। तीन साल का कार्यकाल पूर्ण होने पर 2021 में उन्हें तीन साल का एक्सटेंशन दिया गया।
मल्होत्रा आईआईटी कानपुर से कम्प्यूटर साइंस में ग्रेजुएट हैं। उन्होंने प्रिंसटन यूनिसर्विटी, यूएसए से पब्लिक पॉलिसी में मास्टर डिग्री ली है। संजय मल्होत्रा के पास भारतीय प्रशासनिक सेवा के 33 साल का विशाल अनुभव है। उन्होंने ब्यूरोक्रेट के रूप में पावर, फाइनेंस, टैक्सेशन, आईटी और माइन्स में लम्बा समय बिताया है।