सहकार में नवाचार : झुंझुनूं में राजस्थान के पहले ‘मिलेट को-ऑप कैफे’ का शुभारंभ
झुंझुनूं, 1 अप्रेल (मुखपत्र)। श्रीअन्न (मिलेट्स) को प्रोत्साहित करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना और प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाला शर्मा के स्वस्थ राजस्थान के ध्येय को साकार करते हुए झुंझुनूं जिले में महिला सहकारी समितियों और स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण के लिए जिला कलेक्ट्रेट परिसर में राज्य के प्रथम ‘मिलेट को-ऑप कैफे’ भव्य शुभारंभ किया गया। यह कैफे न केवल शुद्ध और सात्विक आहार का केंद्र बनेगा, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन का नया आधार भी साबित होगा।
राज्य के प्रथम आउटलेट का औपचारिक उद्घाटन जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग, जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी एवं सहकारिता विभाग के जयपुर खंडीय अतिरिक्त रजिस्ट्रार मदनलाल गुर्जर द्वारा सामूहिक रूप से फीता काटकर किया गया।
उद्घाटन के पश्चात उपस्थित सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को मोटे अनाज से तैयार पारंपरिक और आधुनिक व्यंजन परोसे गये। मेनू में विशेष रूप से ज्वार का पुलाव, रागी का उपमा और राजस्थान की पारंपरिक राबड़ी एवं छाछ से बना शीतल पेय शामिल रहा, जिसकी सभी अतिथियों ने मुक्तकंठ से सराहना की।

उड़ीसा और गुजरात की तर्ज पर तैयारी
स्वस्थ राजस्थान के मिशन को साकार करने एवं हर घर की थाली में श्रीअन्न को उचित स्थान दिलाये जाने के उद्देश्य से, सीएम भजनलाल शर्मा के निर्देश पर सहकारिता सेवा के अधिकारियों के तीन समूहों का गठन कर उन्हें गुजरात, महाराष्ट्र और उड़ीसा के स्टडी टूर पर भेजा गया था। इस प्रोजेक्ट की रूपरेखा तैयार करने और इसके क्रियान्वयन में तत्कालीन प्रमुख शासन सचिव (सहकारिता) एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां मंजू राजपाल का विशेष योगदान रहा। उनके कुशल मार्गदर्शन में ही मिलेट्स को सहकारिता से जोडऩे की योजना बनी।
विभा खेतान की रिपोर्ट पर बना प्रोजेक्ट
वर्तमान में जिले में उप रजिस्ट्रार पद स्थापित, राज्य सहकारिता सेवा की संयुक्त पंजीयक कैडर की अधिकारी विभा खेतान ने उड़ीसा के अध्ययन दौरे के बाद सहकारिता विभाग के उच्च स्तर पर एक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की थी। उन्हीं की अनुशंसा के आधार पर झुंझुनूं में इस पहले कैफे की नींव रखी गई।
रोजगार और स्वास्थ्य का दोहरा लाभ
जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल भोजन परोसना नहीं, बल्कि अच्छे स्वास्थ्य का प्रचार-प्रसार करना और महिलाओं को सम्मानजनक रोजगार प्रदान करना है। उन्होंने घोषणा की कि भविष्य में इस मॉडल को जिले के विभिन्न ब्लॉक्स में भी विस्तारित किया जाएगा।
आमजन के लिए उपलब्ध होंगे ‘रेडी टू यूज’ उत्पाद
कैफे परिसर में केवल पके व्यंजनों के साथ-साथ मिलेट्स उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इसमें ज्वार, बाजरा और रागी से बने बिस्कुट, कुकीज और ‘रेडी टू यूज’ उत्पादों की बिक्री शीघ्र आरंभ की जाएगी, ताकि आमजन अपनी थाली में श्री अन्न को शामिल कर सके।
TOP NEWS
प्रधानमंत्री पुरस्कार से सम्मानित IAS डॉ. समित शर्मा अब सहकारिता के खेवनहार
सीएम-ओटीएस में रिकार्ड वसूली, लॉन्गटर्म सैक्टर को मिलेगी आर्थिक संजीवनी
चूरू सीसीबी में प्रबंध निदेशक के पद पर मदनलाल शर्मा की नियुक्ति को आरबीआई ने दी मंजूरी
पैक्स कंप्यूटरीकरण परियोजना के सॉफ्टवेयर का अन्य राष्ट्रीय पोर्टल्स से एकीकरण
राजस्थान के एक और जिला केंद्रीय सहकारी बैंक पर आरबीआई ने लगाया आर्थिक दंड
पैक्स को विकास के इंजन के रूप में सशक्त बनाने पर रणनीतिक मंथन
एकमुश्त समझौता योजना : सहकारी बैंक के अवधिपार ऋणियों के पास अब केवल दो दिन का अवसर
केंद्रीय सहकारी बैंकों के लिए 4 प्रतिशत ब्याज अनुदान के 100 करोड़ रुपये स्वीकृत
दिव्यांगता प्रमाणपत्र में गड़बड़ी, राणावत अपेक्स बैंक की सेवा से बर्खास्त
निमोद सहकारी समिति में दो हजार एमटी और पांच सौ एमटी के गोदामों का लोकार्पण
किसान क्रेडिट कार्ड योजना में होगा बड़ा बदलाव, देश के करोड़ों किसान होंगे लाभान्वित

