केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष का निधन
चित्तौडग़ढ़, 11 फरवरी (मुखपत्र)। चित्तौडग़ढ़ केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता लक्ष्मणसिंह खोर (67) का मंगलवार सुबह हृदयघात से निधन हो गाया। मंगलवार सुबह जब वे देर तक नहीं उठे तो परिजनों ने उन्हें जगाने की कोशिश की, लेकिन शरीर में कोई हलचल नहीं दिखी। इसके बाद उन्हें सुबह 8 बजे जिला हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद खोर को मृत घोषित कर दिया। वे विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के नजदीकी थे। खोर के निधन की सूचना मिलने पर विधायक हॉस्पिटल पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।

लक्ष्मणसिंह खोर ने अपना राजनीतिक जीवन वार्ड पंच से शुरू किया। फिर दो बार उप सरपंच रहते हुए सहकारिता से जुड़े। वे घटियावली ग्राम सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष बने। इसके बाद वे लगातार केंद्रीय सहकारी बैंक के डायरेक्टर चुने जाते रहे। पहली बार विधायक निर्वाचित होने पर, आक्या को चित्तौडग़ढ़ सीसीबी के चेयरमैन का पद छोडऩा पड़ा, तब उन्होंने अपने अतिविश्वास लक्ष्मणसिंह खोर को अध्यक्ष बनाया। खोर, वर्ष 2015 से लगातार चित्तौडग़ढ़ केंद्रीय सहकारी बैंक के चेयरमैन पद पर रहे।
पांच वर्ष का निर्धारित कार्यकाल पूर्ण होने के उपरांत, दो साल तक नये संचालक मंडल का चुनाव नहीं होने के कारण सहकारिता विभाग द्वारा 26 दिसंबर 2022 को चित्तौडग़ढ़ सहित आठ जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों का बोर्ड भंग कर दिया गया था। सरकार के इस निर्णय के खिलाफ वे हाईकोर्ट गये। कोर्ट ने विभाग के आदेश पर स्थगनादेश पारित किया, जिसके उपरांत 7 जनवरी 2023 को खोर ने फिर से बैंक अध्यक्ष का कार्यभार संभाल लिया।
Top News
सहकारिता विभाग : नियमित डीपीसी में 35 अधिकारियों को मिला पदोन्नति का लाभ
कोटा सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड ने मनाया 100वां स्थापना दिवस
वचनभंगी सरकार के खिलाफ सहकारी बैंक कार्मिकों के आंदोलन का कल से आगाज
सहकारी क्षेत्र को पेशेवर और व्यावसायिक मॉडल के रूप में विकसित करने की जरूरत – डॉ. भूटानी
ग्राम सेवा सहकारी समितियां के उप नियमों में महत्वपूर्ण संशोधन, संचालक मंडल की संरचना में आयेगा बदलाव

