राजफैड: समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए पंजीकरण 2 नवंबर से प्रारंभ होंगे
मूंग, उड़द, मूंगफली एवं सोयाबीन की खरीद के लिए 812 क्रय केंद्र स्थापित
जयपुर, 30 अक्टूबर (मुखपत्र)। राजस्थान राज्य सहकारी क्रय-विक्रय संघ लिमिटेड (RAJFED) द्वारा खरीफ विपणन सीजन 2026 के अंतर्गत मूंग, उड़द, मूंगफली एवं सोयाबीन की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद के लिए किसानों का पंजीकरण 2 नवंबर 2026 से प्रारंभ किया जाएगा। किसान राजफैड की वेबसाइट, ई-मित्र केंद्रों तथा Rajfed Kisan App के माध्यम से पंजीकरण करवा सकेंगे।
राजफैड के प्रबंध निदेशक सौरभ स्वामी, IAS ने बताया कि भारत सरकार द्वारा खरीफ विपणन सीजन 2026 के लिए मूंग का न्यूनतम समर्थन मूल्य 8,780 रुपये, उड़द का 8,200 रुपये, सोयाबीन का 5,708 रुपये तथा मूंगफली का 7,517 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। निर्धारित मानकों के अनुसार मूंग, उड़द एवं सोयाबीन में अधिकतम 12 प्रतिशत तथा मूंगफली में अधिकतम 8 प्रतिशत नमी की सीमा निर्धारित है।

उन्होंने बताया कि राज्य में खरीफ विपणन सीजन 2026 के लिए मूंग के 315, मूंगफली के 284, उड़द के 136 एवं सोयाबीन के 77 सहित कुल 812 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं।
एक केंद्र पर अधिकतम 2000 किसानों का पंजीकरण होगा
श्री स्वामी ने बताया कि प्रत्येक क्रय केंद्र पर अधिकतम 2,000 किसानों के पंजीकरण की सीमा निर्धारित की गई है। प्रत्येक किसान से मूंग, मूंगफली एवं सोयाबीन की अधिकतम 40 क्विंटल उपज की खरीद निर्धारित सीमा के अनुसार की जा सकेगी। उड़द के लिए यह सीमा लागू नहीं होगी।
आधार से लिंक बैंक खाते में होगा भुगतान
उन्होंने किसानों से अपील की कि पंजीकरण करवाने से पूर्व अपने आधार कार्ड एवं आधार से लिंक बैंक खाते से संबंधित विवरण सही एवं अद्यतन रखें। समर्थन मूल्य पर खरीदी गई उपज का भुगतान आधार आधारित भुगतान प्रणाली (ABPS) के माध्यम से सीधे आधार से लिंक बैंक खाते में किया जाएगा।
ऑफलाइन गिरदावरी के आधार पर भी पंजीयन संभव
प्रबंध निदेशक ने किसानों से आग्रह किया कि जिन गांवों में ऑनलाइन गिरदावरी उपलब्ध नहीं है, वहां के किसान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑफलाइन गिरदावरी के आधार पर पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करें। ऑफलाइन गिरदावरी वाले गांवों की जिलावार सूची राजफैड के ओपीआर पोर्टल पर उपलब्ध है।
Also Read……..
https://mukhpatra.in/cooperative-banks-cannot-refuse-to-provide-information-to-their-members-under-the-rti-act-supreme-court/

