शासन सचिव डॉ. समित शर्मा ने किया कॉनफैड के ‘दीपोत्सव मेला-2026’ का शुभारम्भ
ग्रीन पटाखों पर 55 प्रतिशत तक की छूट, 7 नवम्बर तक चलेगा मेला
जयपुर, 30 अक्टूबर (मुखपत्र)। सहकारिता विभाग के शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां डॉ. समित शर्मा ने शुक्रवार सायंकाल में जयपुर के भवानी सिंह रोड स्थित नवजीवन सहकारी बाजार में राजस्थान राज्य सहकारी उपभोक्ता संघ लिमिटेड (CONFED) द्वारा आयोजित ‘दीपोत्सव मेला-2026’ का गणेश प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारम्भ किया। मेले में आमजन के लिए गुणवत्तापूर्ण ग्रीन पटाखे एवं विभिन्न त्योहारी उत्पाद उचित दरों पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। यह मेला 7 नवम्बर तक प्रतिदिन प्रात: 9 बजे से रात्रि 10 बजे तक आयोजित होगा।
डॉ. शर्मा ने कहा कि सहकारिता गुणवत्ता, विश्वास और उपभोक्ता हितों का प्रतीक है। दीपावली के अवसर पर आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उचित मूल्य पर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से कॉनफेड द्वारा प्रतिवर्ष सहकार दीपोत्सव मेले का आयोजन किया जाता है। उपभोक्ता संघ ने गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की उपलब्धता के माध्यम से उपभोक्ताओं के बीच अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि सहकारिता विभाग ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प को साकार करने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
शासन सचिव ने बताया कि मेले में एमएमटीसी के चांदी के सिक्के भी उचित मूल्य पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। मेले के प्रति आमजन के उत्साह को देखते हुए गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष अधिक बिक्री होने की उम्मीद है।
ग्रीन पटाखों पर 55 प्रतिशत तक की छूट
मेले का प्रमुख आकर्षण तमिलनाडु के शिवकाशी से लाए गए ग्रीन पटाखे हैं, जिन पर 55 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। उपभोक्ताओं की मांग के अनुरूप पटाखों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। मेले में खुले एवं गिफ्ट पैक में ग्रीन पटाखों के साथ बर्तन, सजावटी फ्लॉवर, डिजाइनर कैंडल्स, बेडशीट्स एवं पूजन सामग्री उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त सूखे मेवों के उपहार पैक, नमकीन, परिधान, घरेलू उपयोग की वस्तुओं तथा मिलेट उत्पादों की बिक्री के लिए भी स्टॉल्स लगाई गई हैं।
स्टॉल्स का अवलोकन किया

डॉ. शर्मा ने मेले में लगाई गई विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन किया तथा उपलब्ध उत्पादों, उनकी गुणवत्ता और उपभोक्ताओं को दी जा रही छूट के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मेले में समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एवं अग्निशमन संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर अतिरिक्त रजिस्ट्रार (प्रथम) कार्तिकेय मिश्र, अतिरिक्त रजिस्ट्रार (मा.स.वि.) भोमाराम, अतिरिक्त रजिस्ट्रार (द्वितीय) राजेन्द्र कुमार मीणा, अतिरिक्त रजिस्ट्रार (मार्केटिंग) बिजेंद्र शर्मा, अतिरिक्त रजिस्ट्रार (बैंकिंग) बलविंदरसिंह गिल, ज्वाइंट रजिस्ट्रार सोनल माथुर, कॉनफेड के प्रबंध निदेशक राजेन्द्र सिंह, सहायक रजिस्ट्रार सुमन धनेटवाला, नवजीवन सहकार बाजार के प्रभारी हनुमान अग्रवाल सहित सहकारिता विभाग एवं उपभोक्ता संघ के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Also Read…………..
राजफैड: समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए पंजीकरण 2 नवंबर से प्रारंभ होंगे

