एक सौ से अधिक मुकदमों में वांछित है जगन
जयपुर, 28 जून। तीन राज्यों में वांछित और 40 हजार रुपये ईमानी राजस्थान के कुख्यात डकैत जगन गुर्जर (49) ने शुक्रवार को धौलपुर में सरेंडर कर दिया। उस पर तीन राज्यों में डकैती, अपहरण और लूटपाट जैसी संगीन धाराओं में 100 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। यह जगन गुर्जर का चौथा आत्मसमर्पण है।
जगन ने गुरुवार रात कुछ मीडिया संस्थानों में फोन करके शुक्रवार को आत्मसमर्पण करने की बात कही थी। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल लोकसभा में उसके एनकाउंटर की मांग की थी।
जगन 12 जून को धौलपुर जिले के एक गांव में दो महिलाओं से मारपीट कर उन्हें निर्वस्त्र घुमाने के बाद सुर्खियों में आया था। घटना का एक वीडियो भी सामने आया था। इसके बाद से तीन राज्यों की पुलिस चंबल के बीहड़ों में छिपे जगन को तलाश कर रही थी। कई बार डकैतों और पुलिस में मुठभेड़ भी हुई। फोन पर हुई बातचीत में जगन ने महिलाओं से बर्बरता के आरोपों को खारिज किया।
एसपी अजयसिंह के समक्ष किया सरेंडर
तालाब शाही के पास एसपी अजय सिंह के नैतृत्व में जगन गुर्जर ने सरेंडर किया। उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल डकैत को धौलपुर के थाना सादाबाड़ी में रखा गया है।
1994 में बनाया था गैंग
जगन गुर्जर धौलपुर के डांग के भवुतीपुरा का रहने वाला है। 1994 में उसने जीजा की हत्या के बाद पत्नी और भाइयों के साथ मिलकर गैंग बनाया था। बीते 18 साल में यह उसका चौथा सरेंडर है। इससे पहले जगन ने 2018, 2009 और 2001 में सरेंडर किया था। गुर्जर पर राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में हत्या के प्रयास, लूट, फिरौती, अपहरण और डकैती से जुड़े 100 से अधिक मामले दर्ज हैं। उस पर 40 हजार का ईनाम भी घोषित किया गया था।