मुम्बई, 6 फरवरी। मां सरस्वती के पूजन दिवस बसंत पंचमी के अगले ही दिन साक्षात सरस्वती स्वरूपा, सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर (92) इस नश्वर संसार को अलविदा कह गयी। वॉलीवुड सहित पूरा देश लता दीदी के निधन की खबर सुनकर शोक में डूब गया है। सरकार ने दो दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। लता मंगेशकर का जन्म 28 सितंबर, 1929 को मराठी और कोंकणी संगीतकार पंडित दीनानाथ मंगेशकर के घर हुआ था। उनका मूल नाम हेमा था। यह अनुभवी गायिका आशा भोसले सहित पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी थीं। उनके पिता पंडित दीनानाथ मंगेशकर एक शास्त्रीय गायक और थिएटर अभिनेता थे।
अपनी सुरीली आवाज से आठ दशक तक भारत और दुनिया पर राज करने वाली भारत रतन लता मंगेशकर ने रविवार प्रात: ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। ‘भारत की नाइटिंगेल’ के नाम से विख्यात लता मंगेशकर ने साल 1942 में मात्र 13 वर्ष की आयु में गायन को अपना करियर चुना और करीब सात दशक के प्लेबैक सिगिंग करियर में विभिन्न भारतीय भाषाओं में 30 हजार से अधिक फिल्मी, गैर फिल्मी गीत व भजन गाए। उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न के अलावा, पद्म भूषण, पद्म विभूषण और दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
दो दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा
भारत सरकार ने भारत रत्न, स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन पर दो दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। सम्मान स्वरूप दो दिन तक राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। परिवार ने लता दीदी का अंतिम संस्कार शाम 6 बजे किया जायेगा।
कोरोना पॉजिटिव होने के बाद बिगड़ी तबीयत
जनवरी माह में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में वह न्यूमोनिया से पीडि़त हो गईं। तबीयत अधिक खराब होने पर उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। स्वास्थ्य में सुधार के बाद वेंटिलेटर सपोर्ट भी हट गया था। 5 फरवरी को उनकी स्थिति बिगडऩे लगी और उन्हें फिर से वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया, लेकिन मल्टीपल ऑर्गन फेलियर से 6 फरवरी को ‘स्वर कोकिला’ ने नश्वर देह का त्याग दिया।
दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि
उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडु, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, शिवसेना के प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद संजय राउत, क्रिकेटर विराट कोहली, कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, यूपी के सीएम योगी आदित्य नाथ, सांसद हेमामालिनी सहित वॉलीवुड की अनेक हस्तियों ने लता दीदी के निधन पर शोक व्यक्त किया है और उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
लता मंगेशकर का पार्थिव शरीर मुंबई के शिवाजी पार्क में रखा जाएगा, जहाँ उनके प्रशंसक उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे। सुश्री लता मंगेशकर के निधन पर फिल्म जगत के कलाकारों ने शोक व्यक्त किया। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के अध्यक्ष प्रसून जोशी ने ट्विटर पर दिवंगत गायिका के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
13 साल की उम्र में गाया पहला गीत
लता मंगेशकर ने 13 साल की उम्र में एक मराठी फिल्म, ‘किती हसाल’ के लिए अपना पहला पार्श्व गीत रिकॉर्ड किया, और वर्ष 1942 में एक मराठी फिल्म, ‘पहिली मंगलागौर’ में अभिनय भी किया। वर्ष 1946 में, उन्होंने वसंत जोगलेकर द्वारा निर्देशित ‘आप की सेवा में’ के लिए अपना पहला हिंदी फिल्म पार्श्व गीत रिकॉर्ड किया।
प्रतिष्ठित पुरस्कार से भरी लता दीदी की झोली
1972 में, लता मंगेशकर ने फिल्म ‘परिचय’ के लिए सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्व गायिका का पहला राष्ट्रीय पुरस्कार जीता। पिछले कुछ वर्षों में, उन्होंने कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार जीते। इसमें प्रतिष्ठित भारत रत्न, ऑफिसर ऑफ़ फ्रेंच लीजन ऑफ ऑनर का खिताब, दादासाहेब फाल्के पुरस्कार, तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, चार फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायिका पुरस्कार, फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार और कई अन्य पुरस्कार शामिल हैं। 1984 में, मध्य प्रदेश की राज्य सरकार ने लता मंगेशकर पुरस्कार की स्थापना की, महाराष्ट्र सरकार ने भी गायन प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए 1992 में लता मंगेशकर पुरस्कार की घोषणा की थी।